उत्तराखंड से दुखद खबर..नहीं रहे विधायक सुरेंद्र सिंह जीना, 15 दिन पहले हुआ था पत्नी का निधन

15 दिन पहले विधायक सुरेंद्र सिंह जीना की पत्नी का भी निधन हो गया था। तब से वो सदमे में थे। उन्होंने भोजन भी छोड़ दिया था, जिस वजह से उनकी हालत बिगड़ती चली गई।
Advertisement केदार हिमालय के ऐसे ट्रेक जहां रास्ता खुद आपको चुनता है

बुग्याल, हिमालयी वन और बर्फीली चोटियों का अद्भुत नज़ारा। आध्यात्म, रोमांच और एकांत का अनोखा संगम।

Example Ads Media
Surendra Singh Jeena: Sult MLA Surendra Singh Jina died
Image: Sult MLA Surendra Singh Jina died

अल्मोड़ा: उत्तराखंड की सल्ट विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाले विधायक सुरेंद्र सिंह जीना नहीं रहे। वो कोरोना संक्रमण से जूझ रहे थे। दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। सुरेंद्र सिंह जीना सल्ट क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय थे। उन्हें जनता के हित को सर्वोपरि रखने वाले नेता के तौर पर जाना जाता था। बीजेपी नेता सुरेंद्र सिंह जीना के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। जीना परिवार को इस वक्त दोहरे दुख का सामना करना पड़ रहा है। 15 दिन पहले विधायक सुरेंद्र सिंह जीना की पत्नी धरमा देवी का भी हार्ट अटैक से निधन हो गया था। पत्नी की मौत के बाद विधायक जीना गहरे सदमे में थे। उन्होंने भोजन भी छोड़ दिया था। जिस वजह से वो अस्वस्थ हो गए थे। उनकी हालत बिगड़ रही थी। इस बीच वो कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया।

विधायक सुरेंद्र सिंह जीना 51 साल के थे। उनके आकस्मिक निधन से प्रदेश में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज हमने राजनीति और समाज की सेवा में अग्रणी रहने वाली एक धरोहर को खो दिया है। विधायी कार्यवाही के जानकार सुरेंद्र सिंह जीना के निधन की खबर से हर कोई स्तब्ध है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि उनकी गणना हमेशा सक्रिय रहने वाले विधायकों में होती थी। वो अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए हमेशा संघर्षरत रहे। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ईश्वर उनके परिवार को दोहरा दुख सहन करने की शक्ति दे। दुख की इस घड़ी में पूरी पार्टी उनके परिवार के साथ है।