पौड़ी गढ़वाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किडनी की बीमारी से जूझ रही गरीब पहाड़ी महिला के लिए 3 लाख रुपये की धनराशि जारी की। इस धनराशि की मदद से अब महिला का इलाज संभव हो सकेगा। जी हां एक न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित महिला की किडनी खराब है। किडनी बदलने में लाखों का खर्चा आएगा। पीड़ित महिला का नाम सीमा देवी है। वो पौड़ी के भरपूर पट्टी में आने वाले दनसाड़ा गांव में रहती है। सीमा के पति राकेश सिंह की देवप्रयाग में टेलर की दुकान है। परिवार का गुजारा बड़ी मुश्किल से चलता है। इस वर्ष अचानक सीमा देवी को किडनी की समस्या होने पर हिमालयन अस्पताल जौलीग्रांट में भर्ती करना पड़ा। जहां डॉक्टरों ने किडनी ट्रांसप्लांट करने की सलाह दी। लेकिन इलाज का खर्च उठाना इस परिवार के लिए सम्भव नहीं था। कहीं से मदद न मिलते देख परिवारवालों ने सांसद पौड़ी तीरथ सिंह रावत से इलाज के लिए सहायता की गुहार लगाई। उन्होंने भी महिला के परिवार की मुश्किलों को समझा और इस संबंध में प्रधानमंत्री कार्यालय से मदद मांगी।