पिथौरागढ़: पहाड़ की होनहार बेटियां अपनी प्रतिभा के दम पर अहम पदों पर सेवाएं दे रही हैं। इनमें अब पिथौरागढ़ की दिव्या पाठक और कविता तिवारी भी शामिल हो गई हैं। होनहार दिव्या और कविता ने लोक सेवा आयोग उत्तराखंड द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा पास कर ली। अब वो असिस्टेंट प्रोफेसर के तौर पर सेवाएं देंगी। दिव्या की सफलता से उनके गृह जनपद में खुशी का माहौल है। दिव्या पाठक बेरीनाग क्षेत्र के दशौली गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने लोक सेवा आयोग उत्तराखंड द्वारा आयोजित असिस्टेंट प्रोफेसर हिंदी की परीक्षा पास करने के साथ ही श्रेष्ठता सूची में दूसरा स्थान भी हासिल किया है। चलिए आपको होनहार दिव्या के बारे में और जानकारी देते हैं। बचपन से ही मेधावी रही दिव्या ने अपनी शुरुआती पढ़ाई सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल से हासिल की। बाद में उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया और कुमाऊं यूनिवर्सिटी से हिंदी में एमए की डिग्री हासिल की। दिव्या ने हर परीक्षा प्रथम श्रेणी में पास की हैं। इस वक्त वो नैनीताल कैंपस से हिंदी विषय में शोध कार्य कर रही हैं। साथ ही राजकीय महाविद्यालय बागेश्वर में गेस्ट टीचर के रूप में भी सेवाएं दे रही हैं।