उत्तराखंड के लिए गौरवशाली पल..फौजी बहादुर सिंह ने अंतरराष्ट्रीय मैराथन में जीता गोल्ड मेडल

फौजी जवान बहादुर सिंह धौनी ने अंतरराष्ट्रीय मैराथन में देश को स्वर्ण पदक दिलाया है। वो लोहाघाट क्षेत्र के रहने वाले हैं, और इस वक्त पुणे में तैनात हैं।
Advertisement Hidden Gem Treks of Kedar Himalaya You Must Explore Once in Life

Peaceful and untouched trekking routes away from the crowds. Hidden trails where nature still remains raw and pure.

Example Ads Media
Bahadur Singh Dhoni: Bahadur Singh Dhoni won gold medal in Bangladesh
Image: Bahadur Singh Dhoni won gold medal in Bangladesh

चम्पावत: उत्तराखंड के फौजी भाई देश सेवा के साथ ही खेलों के क्षेत्र में भी खूब नाम कमा रहे हैं। हर पहाड़वासी को गर्व से भर देने वाली ऐसी ही एक खबर चंपावत से आई है। जिले के रहने वाले फौजी जवान बहादुर सिंह धौनी ने अंतरराष्ट्रीय मैराथन में देश को स्वर्ण पदक दिलाया है। रविवार को ढाका में हुई मैराथन में बहादुर सिंह धौनी ने गोल्ड मेडल जीता। प्रतियोगिता के दौरान बहादुर सिंह 42 किमी से ज्यादा की मैराथन को महज दो घंटे 21 मिनट और 40 सेकेंड में पूरा करने में सफल रहे। बांग्लादेश में हुई शेख मुजीब ढाका मैराथन में गोल्ड मेडल जीतने वाले बहादुर सिंह ने देश के साथ-साथ उत्तराखंड का भी मान बढ़ाया है। जीत के बाद बांग्लादेश के सैन्य प्रमुख ने फौजी बहादुर सिंह को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया। चलिए अब आपको देश-प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले बहादुर सिंह धौनी के बारे में और जानकारी देते हैं। वो लोहाघाट ब्लॉक के सीलिंग क्षेत्र के रहने वाले हैं।

यह भी पढ़ें - देहरादून में कोहरे ने बढ़ाई ठंड..एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर पाई फ्लाइट..वापस दिल्ली लौटी
बहादुर सिंह धौनी नागा रेजीमेंट का हिस्सा हैं और इस वक्त आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट पुणे में एएसआई के पद पर तैनात हैं। फौजी बहादुर सिंह ने इससे पहले भी कई उपलब्धियां हासिल की हैं। वो बेल्जियम, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया और दक्षिण अफ्रीका में हुई अंतरराष्ट्रीय मैराथन में भी शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं। बहादुर सिंह ने 19 नवंबर 2018 में प्रयागराज में हुई 34वीं अखिल भारतीय इंदिरा मैराथन में भी पहला स्थान हासिल किया था। उन्होंने 2 घंटे 19 मिनट और 12 सेकेंड में मैराथन पूरी की। अब बहादुर सिंह ने एक और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि हासिल कर उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। फौजी बहादुर सिंह की सफलता से प्रदेश और उनके गृह जनपद में खुशी की लहर है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने प्रशिक्षकों, लोक देवता चौखाम बाबा और क्षेत्रवासियों को दिया। राज्य समीक्षा टीम की तरफ से भी फौजी बहादुर सिंह धौनी को ढेरों शुभकामनाएं। उनकी सफलता का सफर यूं ही जारी रहे, हम यही कामना करते हैं।