मौसम विज्ञान केंद्र ने 8 जिलों के लिए बारिश और हल्की बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इन जिलों के लिए अगले 48 घंटे मुश्किल भरे रहेंगे।
-
Komal Negi
-
Image: Rainfall snowfall alert in 8 districts of Uttarakhand
चमोली: फरवरी अभी बीता नहीं, लेकिन दिन में गर्मी का अहसास होने लगा है। सुबह और रात के वक्त ठंडक बरकरार है, पर दिन में गर्मी पसीने छुड़ाने लगी है। कई जगहों पर फरवरी में गर्मी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। सचमुच फरवरी में इतना गर्म मौसम अरसे बाद दिख रहा है। वहीं बात करें अगले 48 घंटों की तो प्रदेश में मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने पर्वतीय इलाकों में हल्की बर्फबारी व बारिश की चेतावनी जारी की है। पहाड़ में बदले मौसम का असर मैदानी इलाकों में भी दिखेगा। देहरादून और अन्य मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट आ सकती है। जिन जिलों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है, उनके बारे में भी जान लें। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और नैनीताल के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। इन जिलों में रहने वाले लोग अगले 48 घंटे संभल कर रहें।
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड में हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार..कैबिनेट में दिखेंगे 3 नए चेहरे
प्रदेश के निचले इलाकों में हल्की बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। पहाड़ में मौसम में आए बदलाव का असर मैदानी इलाकों में भी दिखेगा। देहरादून और हरिद्वार समेत ज्यादातर मैदानी इलाकों में बादल छाए रहेंगे। शनिवार को मौसम खराब रह सकता है। प्रदेश में इन दिनों यूं तो मौसम सुहाना है, लेकिन दिन में धूप की तल्खी के कारण गर्मी बढ़ने लगी है। हरिद्वार में बीते 15 सालों में गुरुवार का दिन सबसे अधिक गर्म रहा। यहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले साल 2006 में 25 फरवरी को अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस रहा था। बदलते मौसम में डॉक्टर लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। मौसम अब गर्मी की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में खान-पान के साथ व्यायाम पर भी ध्यान दें। गर्म कपड़ों से अचानक दूरी न बनाएं। तेजी से बदलते मौसम में जरा सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है।