रुद्रप्रयाग: पाबंदियों में ढील मिलते ही चारधाम यात्रा की रौनक लौट आई है। बाबा केदार के धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। बड़ी संख्या में यात्री केदारनाथ में बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। 9 अक्टूबर तक 23 हजार श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके थे। शनिवार और रविवार को केदारनाथ धाम में भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं की संख्या ई-पास की अनिवार्यता खत्म होने के बाद बढ़ी है। तीर्थ यात्रियों की संख्या बढ़ने से व्यापारियों और तीर्थ पुरोहितों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ई-पास की बाध्यता को समाप्त करने के बाद एक बार फिर से चारधाम यात्रा के दर्शनों के लिए बड़ी संख्या में यात्री पहुंचने लगे हैं। जिससे केदारघाटी के बाजारों में रौनक लौट आई है। हर दिन हजारों की तादाद में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। सोनप्रयाग से पैदल यात्रा के साथ ही हेलीकॉप्टर से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। बता दें कि चारधाम के लिए सीमित संख्या की बाध्यता हटा दी गई है।