Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
बागेश्वर: उत्तराखंड की छवि पर्यटन प्रदेश की है। पिछले कुछ सालों में यहां पर्यटन संबंधी गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं, लेकिन सिर्फ पर्यटन ही नहीं बढ़ा है, बल्कि पर्यटन की आड़ में होने वाली नशे की तस्करी भी बढ़ी है। नेपाल से नशे की खेप उत्तराखंड लाए जाने के कई मामले सामने आ चुके हैं और अब बागेश्वर में पुलिस और एसओजी की टीम ने फ्रांस निवासी एक महिला को चरस की बड़ी खेप के साथ पकड़ा है। आरोपी महिला के पास से 1.40 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस के अनुसार वह मादक पदार्थ की तस्करी कर रही थी। आरोपी को न्यायालय के आदेश के बाद अल्मोड़ा जेल भेज दिया गया है। साथ ही फ्रांस की एंबेसी के अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। दरअसल बागेश्वर एसओजी और पुलिस की टीमें पुलिस उपाधीक्षक अंकित भंडारी के पर्यवेक्षण में चेकिंग कर रही थीं। इस बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खाईबगड़ नया पुल तिराहे के पास एक संदिग्ध महिला को देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध महिला के सामान की तलाशी ली। इस दौरान महिला के कब्जे से 1.40 किलो चरस बरामद हुई। पकड़ी गई महिला की शिनाख्त रायर निकोल पुत्री रायर आंद्रे निवासी फ्रांस, हाल निवासी कालीमठ, कसार देवी, जनपद अल्मोड़ा के रूप में हुई। पुलिस टीम ने आरोपी रायर निकोल को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।