उत्तराखंड पुलिस के अफसर हरेन्द्र नेगी को सलाम, ऐन मौके पर दो युवकों की बचाई जान

घायल युवक सड़क पर तड़प रहे थे। अस्पताल में कॉल करने पर पता चला कि एंबुलेंस उपलब्ध नहीं है। ऐसे में थानाध्यक्ष ने घायलों को खुद अस्पताल पहुंचाया।
Advertisement Best Hidden Treks in Kedar Himalaya for True Mountain Lovers

A chance to reconnect with nature and inner peace. Treks in Kedar Himalaya that stay with you for a lifetime.

Example Ads Media
Haldwani Police Officer Harendra Negi: Police officer Harendra Negi saved the lives of two youths in Haldwani
Image: Police officer Harendra Negi saved the lives of two youths in Haldwani

हल्द्वानी: पुलिस के प्रति आम लोगों की सोच से हम सब वाकिफ हैं, लेकिन उत्तराखंड पुलिस में अब भी ऐसे कई अफसर हैं, जिन्होंने पुलिस की नकारात्मक छवि को बदलने का काम किया है। पॉजिटिविटी से भरी ऐसी ही एक खबर नैनीताल से आई है। जहां थानाध्यक्ष ने दो लोगों की जान बचाकर इंसानियत की मिसाल पेश की। यह दोनों युवक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। समय पर इलाज ना मिलता तो दोनों की जान जा सकती थी। हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अपने स्टाफ के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया। मामला नैनीताल जिले के अंतर्गत आने वाले चोरगलिया थाना क्षेत्र का है। जहां थानाध्यक्ष हरेंद्र सिंह नेगी ने मानवता की मिसाल पेश कर दो लोगों की जिंदगी बचाई। रविवार देर शाम थानाध्यक्ष चोरगलिया हरेंद्र सिंह नेगी को सूचना मिली कि थाना चोरगलिया से सटे नाले के पास एक मोटर साइकिल का एक्सीडेंट हो गया है। हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे, दोनों सड़क पर पड़े-पड़े तड़प रहे थे। इस बीच थानाध्यक्ष अपने स्टाफ के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। आगे पढ़िए-

हादसे में एक युवक का बायां पैर घुटने के नीचे से कट जाने के कारण उसका काफी खून बह चुका था। अस्पताल में फोन किया गया तो पता चला कि एंबुलेंस उपलब्ध नहीं है। एंबुलेंस किसी अन्य मरीज को लेकर खटीमा गई हुई थी। ऐसे में थानाध्यक्ष हरेंद्र सिंह नेगी ने मानवता का परिचय देते हुए अपने सरकारी वाहन से दोनों व्यक्तियों को बिना समय गंवाए सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी पहुंचाया। दोनों घायल व्यक्ति अब खतरे से बाहर हैं। हादसे में घायल लोगों की पहचान राजवीर सिंह पुत्र शिव प्रभात सिंह निवासी ग्राम कुंडेश्वरी, जिला मुरादाबाद व कुणाल राठी पुत्र गिरिराज राठी निवासी जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। फिलहाल ये लोग तिकोनिया, हल्द्वानी में निवास कर रहे थे। मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनके परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस को धन्यवाद कहा, साथ ही पुलिस के काम को सराहा भी। सोशल मीडिया पर भी थानाध्यक्ष हरेंद्र सिंह नेगी के काम की सराहना हो रही है, लोग उन्हें सैल्यूट कर रहे हैं।