Advertisement
केदार हिमालय के ऐसे ट्रेक जहां रास्ता खुद आपको चुनता है
बुग्याल, हिमालयी वन और बर्फीली चोटियों का अद्भुत नज़ारा। आध्यात्म, रोमांच और एकांत का अनोखा संगम।
Example Ads Media
चम्पावत: पुष्कर सिंह धामी बीजेपी विधायक दल के नेता बनते ही उत्तराखंड के 12 वें मुख्यमंत्री बन गए। हालिया चुनाव में पुष्कर सिंह धामी भले ही अपनी सीट नहीं बचा सके, लेकिन सीएम पद की रेस उन्होंने जीत ली। अब उनके सामने कई चुनौतियां हैं। सीएम धामी को छह महीने के भीतर विधानसभा का सदस्य बनना होगा।
प्रदेश में कई विधायक उनके लिए सीट छोड़ने को तैयार हैं। कभी चर्चा उठी की वो डीडीहाट से चुनाव लड़ सकते हैं तो कभी लालकुआं और जागेश्वर सीट का जिक्र आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को कहां से चुनाव लड़ाया जाए, ये फैसला बीजेपी हाईकमान को लेना है। अलबत्ता ये जरूर पता चल गया है कि सीएम धामी ने कहां से उपचुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चंपावत सीट से उपचुनाव लड़ना चाहते हैं। बनबसा में दिए एक बयान में उन्होंने कहा कि पार्टी हाईकमान के सामने वह चंपावत से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव रखेंगे। हाईकमान का फैसला ही अंतिम होगा।
शुक्रवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी दोबारा मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार कुमाऊं पहुंचे। जहां उन्होंने बनबसा मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनसभा को संबोधित किया। जनसभा के मंच में विधायक कैलाश गहतोड़ी भी मौजूद थे। कैलाश गहतोड़ी धामी को चंपावत सीट से चुनाव लड़ने का न्योता दे चुके हैं। जनसभा में उन्होंने फिर वही बात दोहराई। उन्होंने कहा कि सीएम धामी अगर चंपावत सीट से चुनाव लड़ने का मन बनाते हैं, तो वह उनके लिए अपनी सीट छोड़ने में जरा भी संकोच नहीं करेंगे। इसके बाद सीएम धामी ने विधायक गहतोड़ी का तहेदिल से आभार व्यक्त किया और कहा कि वह विधायक के इस प्रस्ताव को हाईकमान के सामने रखेंगे। चंपावत से चुनाव लड़ने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात होगी। उपचुनाव लड़ने को लेकर हाईकमान ही अंतिम निर्णय लेगा।