Advertisement
Hidden Gem Treks of Kedar Himalaya You Must Explore Once in Life
Peaceful and untouched trekking routes away from the crowds. Hidden trails where nature still remains raw and pure.
Example Ads Media
रुड़की: प्रदेशभर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चल रहा है। बुलडोजर की मदद से अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं, हालांकि कई जगह प्रशासन की टीम को लोगों के विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है।
हरिद्वार के रुड़की में यही हुआ। यहां अतिक्रमण हटाओ अभियान चल रहा था कि तभी टिनशेड पर चढ़कर सामान आदि उतार रहा एक युवक नीचे गिर गया। जिसके बाद वहां मौजूद लोग भड़क गए। उन्होंने नगर निगम के बुलडोजर पर पत्थर और डंडे बरसाने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं कुछ असमाजिक तत्वों ने बुलडोजर पर चढ़कर चालक को भी खूब पीटा। बवाल इतना बढ़ा कि नगर निगम की टीम को वापस लौटना पड़ा। अब निगम की ओर से अज्ञात हमलावरों के खिलाफ तहरीर दी जा रही है। बता दें कि रुड़की में इन दिनों अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चल रहा है। अभियान के दूसरे दिन नगर निगम की टीम पुरानी तहसील मच्छी बाजार पहुंची।
इस बीच टीम रामपुर चुंगी क्षेत्र में अतिक्रमण हटा रही थी कि तभी एक दुकानदार टिनशेड पर चढ़कर सामान उतारने लगा। टिनशेड कमजोर थी, जो कि अचानक टूट गई। इससे दुकानदार गिर गया, उसे चोट लग गई। ये देख लोगों की भीड़ भड़क गई और कुछ लोगों ने बुलडोजर पर चढ़कर ड्राइवर को पीटना शुरू कर दिया। बुलडोजर पर भी लाठी और पत्थर बरसाए। पुलिसकर्मियों ने जैसे-तैसे भीड़ को शांत कराया। आक्रोशित भीड़ को देखकर निगम की टीम अभियान अधूरा छोड़कर लौट गई। मारपीट में बुलडोजर चालक को चोट आई है। वहीं मामले को लेकर नगर आयुक्त विजयनाथ शुक्ला ने कहा कि जो युवक टिनशेड से गिरा था, वहां बुलडोजर चला भी नहीं था। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। बुलडोजर में तोड़फोड़ और चालक संग मारपीट करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।