Advertisement
Secret Himalayan Treks Near Kedarnath You’ve Never Heard Of
Trails once used by sages, locals, and shepherds. Ideal for travelers seeking silence over social media fame.
Example Ads Media
रुड़की: टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत उन क्रिकेटरों में शुमार हैं, जो दबाव की स्थिति में भी पारी संभालने का हुनर खूब जानते हैं।
बर्मिंघम टेस्ट के पहले दिन ऋषभ पंत ने शानदार 146 रनों की पारी खेली, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है। मैच के दौरान उन्होंने अपने टेस्ट करियर का पांचवां शतक जड़ा। इंग्लैंड के खिलाफ पांचवें टेस्ट मैच में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 338/7 रन बनाए। एक समय भारतीय टीम 98 रन पर अपने 5 टॉप बल्लेबाज़ों को खो चुकी थी, लेकिन ऋषभ पंत ने मैदान पर आते ही इंग्लैंड के गेंदबाज़ों पर हावी होना शुरू कर दिया। आलम यह रहा कि ऋषभ पंत ने 111 गेंद में 146 रन बनाये, जहां उनका स्ट्राइक रेट 131.5 का रहा। ऋषभ ने 89 गेंदों में 15 चौके और 1 छक्के की बदौलत अपने टेस्ट करियर का पांचवां शतक लगाया।
इसके साथ ही ऋषभ पंत ने भारतीय क्रिकेट जगत में विकेटकीपर की श्रेणी में सबसे तेज शतक जड़ने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने कुल 9 रिकॉर्ड बनाए। ऋषभ पंत इंग्लैंड में दो शतक लगाने वाले पहले विकेटकीपर बल्लेबाज बने हैं। साथ ही वो इंग्लैंड के एजबेस्टन के मैदान पर शतक जड़ने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज भी बने। इससे पहले विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर इस मैदान पर शतक जमा चुके हैं। लगभग 120 साल के बाद बर्मिंघम के मैदान पर सबसे तेज शतक लगने का रिकॉर्ड भी ऋषभ पंत के नाम है। ऋषभ पंत एशिया से बाहर सबसे कम गेंद में शतक बनाने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पूर्व वीरेंद्र सहवाग ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 78 गेंदों में शतक जड़ा था। वहीं मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी साल 1990 में लॉर्ड्स में 88 गेंदों में शतक जमाया था। ऋषभ भारत के लिए इंग्लैंड में सबसे तेज टेस्ट शतक बनाने वाले बल्लेबाज-विकेटकीपर का खिताब भी अपने नाम कर चुके हैं। ऋषभ पंत उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रहने वाले हैं और देश के लाखों युवाओं के रोल मॉडल हैं।