Advertisement
Secret Himalayan Treks Near Kedarnath You’ve Never Heard Of
Trails once used by sages, locals, and shepherds. Ideal for travelers seeking silence over social media fame.
Example Ads Media
गुलदार जंगलों से निकलकर गांवों में पहुंच रहे हैं, लोगों की जान ले रहे हैं। ताजा मामला कोटद्वार के दुगड्डा क्षेत्र का है। जहां गुलदार ने एक महिला को मार डाला। बताया जा रहा है कि महिला बच्चे को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थी। तभी गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। दिल दहला देने वाली ये घटना लैंसडाउन वन प्रभाग के दुगड्डा रेंज में हुई। मंगलवार सुबह गोदी गांव निवासी 38 वर्षीय रीना देवी पत्नी मनोज चौधरी सुबह गांव से अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने दुगड्डा आई थी। बताया जा रहा है कि वापसी में गांव के समीप ही रीना देवी पर गुलदार ने हमला कर दिया। जिससे उनकी मौत हो गई। गांव से दुगड्डा की ओर आ रहे कुछ बच्चों ने रास्ते में खून पड़ा देख इसकी जानकारी गांव में दी।
जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उन्हें घटनास्थल से कुछ दूर झाड़ियों में एक शव क्षत-विक्षत हालत में मिला। समीप ही गुलदार भी बैठा हुआ था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। गुलदार के हमले में महिला की मौत से जहां परिवार में कोहराम मचा है तो वहीं ग्रामीणों में आक्रोश है। गुस्साए ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की चहलकदमी बनी हुई है। गुलदार के हमले में लोग जान गंवा रहे हैं, लेकिन वन विभाग के अधिकारी कुछ नहीं कर रहे। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में पिंजरा लगाने और आदमखोर गुलदार को मारने की मांग की। घटना के बाद महिला के गांव में गमगीन माहौल है।