Advertisement
Secret Himalayan Treks Near Kedarnath You’ve Never Heard Of
Trails once used by sages, locals, and shepherds. Ideal for travelers seeking silence over social media fame.
Example Ads Media
चमोली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में भारत जोड़ो यात्रा जारी है। मंगलवार को यात्रा का 130वां दिन था, पार्टी ने इस दिन को जोशीमठ की आपदा को समर्पित कर दिया।
अब राहुल गांधी जोशीमठवासियों की पीड़ा जानने के लिए उत्तराखंड आने वाले हैं। अब तक मिली खबरों के अनुसार राहुल गांधी फरवरी महीने में जोशीमठ आने वाले हैं। राहुल के दौरे की बात पक्की होते ही इस मसले पर राजनीति भी गरमाने लगी है। बीजेपी ने राहुल के दौरे को नकारात्मक रणनीति करार दिया। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस के नेता जम्मू पहुंचे, जहां उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा में भाग लिया। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि इस दौरान जोशीमठ आपदा के प्रति देश का ध्यान आकर्षित किया गया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी फरवरी में जोशीमठ आने के लिए तैयार हो गए हैं। जम्मू में जोशीमठ आपदा से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन भी किया गया।
बता दें कि कुछ ही दिन पहले प्रदेश कांग्रेस के तमाम बड़े नेता सीएम पुष्कर सिंह धामी को जोशीमठ के पौराणिक, धार्मिक और व्यवसायिक अस्तित्व को बचाने के कई महत्वपूर्ण सुझाव दे रहे थे, अब इन्होंने राहुल गांधी को जोशीमठ आने का न्योता दिया है। जिससे बीजेपी असहज महसूस कर रही है। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस पर जोशीमठ आपदा को राजनैतिक रूप देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रदेश कांग्रेस के नेता मुख्यमंत्री धामी से मिलकर आपदा पर सुझाव देते है और अगले दिन यात्रा में शामिल होकर इस मुद्दे को राजनैतिक रंग देते हैं। जो कि कांग्रेस के दोहरे चरित्र को दिखाता है। कांग्रेसी अपने कार्यकाल मे जारी परियोजनाओं को राजनैतिक मुनाफे के लिए अब अनियंत्रित व अनियोजित विकास बता रहे हैं। कांग्रेस प्रभावितों की मदद के बजाय उनकी भावनाओं से खेलने और भड़काने के मिशन में जुटी है। आपको बता दें कि जोशीमठ भू-धंसाव क्षेत्र में अभी तक रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट को छोड़कर बीजेपी के किसी बड़े केंद्रीय नेता ने दौरा नहीं किया है।