Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
ऋषिकेश: यूट्यूब का क्रेज इन दिनों नौजवानों के बीच खूब देखने को मिल रहा है। स्कूल और कॉलेज के बच्चों में तो जैसे यूट्यूब चैनल खोलने की होड़ लग गई है।
हर कोई अपना चैनल खोलना चाहता है। कम्पीटिशन के इस चस्के में कई बच्चे यह भूल जाते हैं कि यूट्यूब पर चैनल चलाना धैर्य और किस्मत का काम है। और कई बच्चे इसको सीरियसली लेकर डिप्रेशन में भी चले जाते हैं। ऐसा ही कुछ देहरादून में भी देखने को मिला। देहरादून में यूट्यूब चैनल अच्छा न चलने के कारण एक 22 साल की यूट्यूबर ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव कमरे में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। ऐसा बताया जा रहा है कि परिजनों ने युवती से यूट्यूब चैनल बंद कर पढ़ाई जारी रखने को कहा था। युवती यूट्यूब चैनल न चलने की वजह से परेशान थी। पुलिस यूट्यूब चैनल न चलना ही युवती की आत्महत्या का कारण मान रही है। मामले में जांच की जा रही है।
यह पूरी घटना पटेलनगर क्षेत्र के चंद्रबनी की है। मृतक यूट्यूबर की पहचान लता अधिकारी के रूप में हुई है। लता फियोनिक्स रिकॉर्ड्स के नाम से यूट्यूब चैनल चलाती थी। इस चैनल के करीब 1.12 हजार सबस्क्राइबर्स हैं। लता अपनी आवाज में गढ़वाली गाने रिकॉर्ड कर इस यूट्यूब चैनल के माध्यम से प्रसारित करती थी। पुलिस के मुताबिक लता बेहद दिल से गीत बनाती थी मगर वह गीत जनता तक पहुंच नहीं पा रहे थे और उसका यूट्यूब चैनल ग्रो नहीं कर रहा था जिस वजह से वह बेहद परेशान चल रही थी। बीते शुक्रवार की शाम को खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई। सुबह परिवार वाले जाग गए लेकिन लता के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उन्होंने पिछली खिड़की से झांककर देखा तो पता चला कि लता फंदे पर लटक रही है। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर लता को फंदे से नीचे उतारा लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों की सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की पूछताछ में परिजनों ने पुलिस को बताया कि लता काफी दिनों से चैनल को लेकर परेशान थी। बीती शुक्रवार की शाम के वक्त परिवार वालों ने उसे समझाया था कि वह यूट्यूब छोड़ कर पढ़ाई पर ध्यान दे। उसी दिन लता ने अपनी ज़िंदगी पर विराम लगा कर अपने परिजनों के हिस्से तमाम ज़िंदगी का दुख दे दिया। उसकी मौत से उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और उसके परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो रखा है।