श्रीनगर गढ़वाल: मिक्स मार्शल आर्ट्स...ऐसा क्षेत्र जिसमें आमतौर पर पुरुषों का दबदबा रहा है।
इस क्षेत्र में अब उत्तराखंड की होनहार बेटियां भी अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज करा रही हैं। शिक्षा गोस्वामी ऐसी ही बेटियों में से एक हैं। जिन्होंने इंडियन कॉम्बैट लीग में डेब्यू कर अपने विरोधियों को चारों खाने चित्त कर दिया। शिक्षा गोस्वामी श्रीनगर गढ़वाल की हैं। शिक्षा की सफलता के पीछे गुरु अंगद बिष्ट का बहुत बड़ा योगदान है। अंगद बिष्ट ने न जाने अब तक पहाड़ के कितने युवओं को अपने साथ जोड़ा है और एमएमए जैसे मंच पर हुंकार भरते का हौसला दिया है। अंगद की ही छात्रा शिक्षा ने रिंग शानदार प्रदर्शन किया। वो शुरू से ही अपने विरोधियों पर हावी रहीं और जीत हासिल कर बता दिया कि उत्तराखंड की बेटियां हाथों में दरांति थामने के अलावा दमदार पंच मारना भी जानती हैं। आगे पढ़िए
नेशनल मार्शल आर्ट गेम्स कमेटी की ओर से इंडियन कॉम्बैट लीग सीजन-4 का आयोजन परेड ग्राउंड के बॉक्सिंग हॉल में किया गया। जिसमें उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने कई मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज कराई। इस मौके पर यूएफसी स्टार अंगद बिष्ट समेत कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। लीग में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर उत्तर प्रदेश और तीसरे स्थान पर अरुणाचल प्रदेश के खिलाड़ी रहे। लीग के सीजन-5 को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की जा रही है, ताकि देश-प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफार्म मुहैया कराया जा सके।