Advertisement
Triyuginarayan - World’s Most Divine Wedding Destination
Couples are choosing the sacred land of Lord Shiva’s wedding to begin their own love stories.
Example Ads Media
ऋषिकेश: इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआईआरएफ) की ओर से देश के शीर्ष 50 चिकित्सा संस्थानों की सूची में एम्स ऋषिकेश ने 14वां स्थान प्राप्त किया है।
नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क ने सोमवार को देश के शीर्ष 50 चिकित्सा संस्थानों की रैंकिंग जारी की। इस बार अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश ने 14वां स्थान प्राप्त किया है। पिछली बार संस्थान को 22वीं रैंक मिली थी, लेकिन इस बार एम्स ने अपनी रैंकिंग में आठ पायदान का सुधार करके अपनी क्षमताओं का परिचय दिया है। पिछले कई वर्षों से एम्स ऋषिकेश ने अपनी शोध और तकनीकी नवाचारों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्ष 2022 में एम्स की रैंक 49 थी जबकि 2023 में संस्थान ने प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार करते हुए 22वां स्थान हासिल किया था।
इस वर्ष एम्स ऋषिकेश ने अपने प्रदर्शन में सुधार को जारी रखते हुए आठ पायदान की लंबी छलांग लगाकर 14वां स्थान प्राप्त किया। दिल्ली के एम्स के बाद नव स्थापित संस्थानों के बीच एम्स ऋषिकेश ने कम समय में सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले संस्थानों में अपनी जगह बनाई है। इस उपलब्धि पर एम्स ऋषिकेश की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर डॉ. मीनू सिंह ने खुशी व्यक्त की और इसे सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने इस सफलता को टीम के समर्पण और प्रयासों की सराहना के रूप में पेश किया। यह रैंक केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा हर वर्ष जारी की जाती है और संस्थान की उत्कृष्टता का मापदंड होती है।