Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
हल्द्वानी: ईई लोनिवि और नगर आयुक्त ने सार्वजनिक नोटिस जारी करते हुए कहा है कि 23 अगस्त तक चिह्नित किए गए हिस्से को दुकानदारों को खुद हटाना होगा।
हल्द्वानी में सड़क चौड़ीकरण के रुके हुए काम को अब प्रशासन पूरी सख्ती के साथ आगे बढ़ाने जा रहा है। हल्द्वानी के मंगलपड़ाव से रोडवेज के बीच के इलाके में बुधवार को 101 दुकानदारों को सार्वजनिक नोटिस जारी किया गया, जिसमें उन्हें सड़क के मध्य से दोनों तरफ 12-12 मीटर जगह खाली करने का निर्देश दिया गया है। जिन 15 दुकानदारों के पास वैध दस्तावेज हैं उन्हें प्रतिकर दिया जाएगा। नगर निगम और लोनिवि द्वारा जारी संयुक्त नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि अगर 23 अगस्त तक कब्जा स्वयं नहीं हटाया गया तो पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई की जाएगी और इसका खर्च भी संबंधित लोगों से वसूला जाएगा।
पिछले साल दिसंबर में सरकार ने शहर के 13 चौराहों और तिराहों के चौड़ीकरण के लिए 14.23 करोड़ रुपये जारी किए थे, जिसके बाद सबसे पहले मंगलपड़ाव से रोडवेज तक का सर्वे शुरू किया गया था। सड़क चौड़ीकरण के लिए होलिका ग्राउंड, आंबेडकर पार्क से लेकर सरकारी भवनों की बाहरी दीवार तक को तोड़ दिया गया, ताकि सड़क को और चौड़ा किया जा सके। इस प्रक्रिया में व्यापारियों की दुकानें भी चौड़ीकरण की जद में आ रही थीं। डीएम के निर्देश पर गठित संयुक्त समिति ने हर मामले की सुनवाई की और इसके बाद मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा जहां मंगलवार को याचिका निस्तारित हो गई। इसके बाद बुधवार को नगर आयुक्त और ईई लोनिवि ने सार्वजनिक नोटिस जारी कर स्पष्ट किया कि 23 अगस्त तक चिह्नित हिस्से को स्वयं हटाना होगा, अन्यथा पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई अभियान चलाया जाएगा।