देहरादून में आयोजित होने वाली एक अनोखी शादी की पार्टी ने विवाद खड़ा कर दिया है। यहां एक व्यापारिक प्रतिष्ठान "फर्जी शादी" का आयोजन करने जा रहा है, पुलिस ने आयोजकों को सख्त चेतावनी दी है..
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
जहां आज भी सिर्फ चरवाहे जाते हैं – केदार हिमालय के अनदेखे ट्रेक्स
प्रकृति, शांति और हिमालय – केदार के गुप्त ट्रेक्स.. यहां कदम रखते ही बदल जाती है सांस और सोच – Hidden Kedar Trails
Example Ads Media
Image: Fake wedding party in Dehradun
देहरादून: देहरादून में आयोजित होने वाली "फर्जी शादी" पार्टी का निमंत्रण वायरल होने के बाद विवाद उत्पन्न हो गया है। जहां एक पक्ष इसे मनोरंजन और आधुनिक ट्रेंड बता रहा है, तो दूसरा पक्ष इसे संस्कृति का उपहास मान रहा है। पुलिस ने आयोजकों को चेतावनी दी है कि यदि भावनाएं आहत होती हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Fake wedding party in Dehradun
दरअसल, राजधानी देहरादून में आयोजित होने वाली एक अनोखी शादी की पार्टी ने विवाद खड़ा कर दिया है। यहां एक व्यापारिक प्रतिष्ठान आगामी 6 सितंबर को "फर्जी शादी" का आयोजन करने जा रहा है, इस शादी में दूल्हा और दुल्हन नहीं होंगे, बल्कि सिर्फ बाराती मौज-मस्ती करेंगे। इस अनोखी शादी का निमंत्रण सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद पूरे शहर में हलचल मच गई है और कई संगठनों ने इसे भारतीय संस्कृति का मजाक बताते हुए विरोध शुरू कर दिया है।
ड्रेस कोड भारतीय परिधान
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस निमंत्रण पत्र को अंग्रेजी में लिखा गया है और, इस कार्यक्रम को "सबसे मजेदार नकली शादी" बताया गया है। इस कार्ड में मेहमानों को आमंत्रित करते हुए कहा गया है कि यह "सबसे पागलपंती वाली शादी" होगी। यहां दूल्हा-दुल्हन नहीं होंगे, सिर्फ बाराती धमाल मचाने आएंगे। कार्यक्रम में भारतीय परिधान ड्रेस कोड भी रखा गया है – जिसमें युवक कुर्ता पहनेंगे और युवतियां भारतीय परिधान के साथ मेहंदी लगा कर शामिल होंगी।
हिंदू रीति-रिवाजों का मजाक
प्रदेश के हिंदूवादी संगठनों ने इस आयोजन के खिलाफ कड़ा विरोध व्यक्त किया है। उनका कहना है कि "यह देवभूमि है। यहां दूर-दूर से लोग विवाह करने और मंदिरों में आशीर्वाद लेने आते हैं। इस प्रकार के आयोजनों से देवभूमि की छवि को खराब होती है और ये कार्यक्रम हिंदू रीति-रिवाजों का मजाक बनाते हैं। विवाह भारतीय परंपरा में एक संस्कार है, और इसका मजाक किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा। यदि आयोजक कार्यक्रम को बंद नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त प्रदर्शन किया जाएगा। मामले के बढ़ते विवाद को देखते हुए पुलिस भी सतर्क हो गई है।
एसएसपी ने पार्टी आयोजकों को दी चेतावनी
देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि इस आयोजन से संबंधित सभी जानकारी मांगी गई है। आयोजकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि कार्यक्रम से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं, तो कार्रवाई की जाएगी और आयोजन को रुकवाया जाएगा।
बताया जा रहा है कि इस प्रकार की "फर्जी शादी पार्टियां" पहले गोवा, गुरुग्राम, दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में होती रही हैं। अब यह ट्रेंड धीरे-धीरे देहरादून तक पहुंच गया है। इस फर्जी शादी की पार्टी को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी बहस छिड़ गई है। एक पक्ष इसे मनोरंजन और आधुनिक ट्रेंड मान रहा है, जबकि दूसरा पक्ष इसे संस्कृति का मजाक मान रहा है।