उत्तराखंड: व्हाट्सएप पर आया शादी का ई-कार्ड, क्लिक करते ही खाते से उड़ गए 90 हजार

उत्तराखंड की धर्मनगरी हरिद्वार में व्हाट्सएप पर आए फर्जी शादी के ई-कार्ड लिंक पर क्लिक करते ही साइबर ठगों ने 90 हजार रुपये उड़ा लिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आप भी एहतियात बरतें..
Advertisement जहां आज भी सिर्फ चरवाहे जाते हैं – केदार हिमालय के अनदेखे ट्रेक्स

प्रकृति, शांति और हिमालय – केदार के गुप्त ट्रेक्स.. यहां कदम रखते ही बदल जाती है सांस और सोच – Hidden Kedar Trails

Example Ads Media
Wedding e-card fraud: Wedding e-card fraud in Uttarakhand
Image: Wedding e-card fraud in Uttarakhand

हरिद्वार: उत्तराखंड में साइबर ठग लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स जहां लोगों की जिंदगी को आसान बना रहे हैं, वहीं ये प्लेटफॉर्म साइबर अपराधियों के लिए सबसे बड़ा हथियार भी बनते जा रहे हैं। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला हरिद्वार जिले से सामने आया है, जहां व्हाट्सएप पर आए एक फर्जी शादी के ई-कार्ड ने एक परिवार को भारी नुकसान पहुंचा दिया।

Wedding e-card fraud in Uttarakhand

मिली जानकारी के अनुसार, रुड़की के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित आकाशदीप एन्क्लेव निवासी अमित के व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से शादी का ई-कार्ड लिंक आया। संदेश देखकर अमित को लगा कि यह किसी परिचित या रिश्तेदार की शादी का निमंत्रण होगा।
अमित ने जब उस लिंक को खोलने की कोशिश की तो वह उसके मोबाइल पर नहीं खुल पाया। लिंक न खुलने पर भी उसे किसी तरह का शक नहीं हुआ और उसने इसे सामान्य तकनीकी समस्या मान लिया।

रिश्तेदार को भेजा लिंक, खाते से उड़ गए पैसे

लिंक न खुलने पर अमित ने वह मैसेज अपने मंगलौर निवासी रिश्तेदार को फॉरवर्ड कर दिया और उनसे लिंक खोलकर यह पता लगाने को कहा कि यह शादी का कार्ड किसका है। जैसे ही रिश्तेदार ने उस लिंक पर क्लिक किया, कुछ ही सेकेंड में उसके बैंक खाते से 90,000 रुपये निकल गए। थोड़ी देर बाद खाते से रकम निकलने का मैसेज आया, तब जाकर उन्हें अहसास हुआ कि यह कोई शादी का कार्ड नहीं बल्कि साइबर ठगी का फर्जी लिंक था।

मामला दर्ज, जांच शुरू

घटना की जानकारी मिलते ही रिश्तेदार ने तुरंत अमित को सूचित किया। यह सुनते ही अमित के होश उड़ गए और उन्होंने बिना देरी किए सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस को मामले की सूचना दी।
पुलिस ने अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और डिजिटल ट्रांजैक्शन, लिंक और कॉल डिटेल्स के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि यह मामला साइबर फ्रॉड से जुड़ा हुआ है और ठगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।

एक क्लिक, भारी नुकसान

यह घटना साफ तौर पर दिखाती है कि एक छोटी सी लापरवाही कैसे बड़े आर्थिक नुकसान में बदल सकती है। डिजिटल युग में सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। शादी का कार्ड हो या कोई अन्य संदेश—अनजान लिंक पर क्लिक करने से पहले सौ बार सोचना जरूरी है।

साइबर ठगी के बढ़ते मामले, पुलिस की अपील

पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि-
किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
व्हाट्सएप, SMS या सोशल मीडिया पर आए ई-कार्ड और ऑफर लिंक से सतर्क रहें
बैंक से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस और बैंक को दें
मोबाइल में सुरक्षा सेटिंग्स और एंटी-वायरस का उपयोग करें
साइबर ठग अब भावनात्मक तरीकों जैसे शादी के कार्ड, नौकरी के ऑफर और सरकारी योजनाओं के नाम पर लोगों को फंसा रहे हैं।