Uttarakhand Snowfall: पहाड़ों ने ओढ़ी सफेद चादर, आज उत्तराखंड के 7 जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार

उत्तराखंड में मौसम विभाग ने आज भी 7 जिलों में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है, वहीं खराब मौसम के चलते कई जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
Advertisement Secret Himalayan Treks Near Kedarnath You’ve Never Heard Of

Trails once used by sages, locals, and shepherds. Ideal for travelers seeking silence over social media fame.

Example Ads Media
Uttarakhand Weather Update: Uttarakhand Weather Update 24 January 2026
Image: Uttarakhand Weather Update 24 January 2026

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने पूरी तरह करवट बदल ली है। बीते दिन से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जिससे तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। ठंड बढ़ने के कारण लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेने लगे हैं। वहीं मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। लंबे समय से बारिश और हिमपात का इंतजार कर रहे किसानों और सेब काश्तकारों के लिए यह मौसम राहत लेकर आया है।

Uttarakhand Weather Update 24 January 2026

उत्तराखंड के कई हिल स्टेशनों में बीते शुक्रवार को जमकर बर्फबारी हुई, जिससे पहाड़ों पर सफेद चादर बिछ गई और तापमान तेजी से गिर गया। बर्फबारी का इंतजार कर रहे पर्यटक बेहद खुश नजर आए और बर्फ के बीच घूमते हुए मौसम का आनंद लेते दिखे। वसंत पंचमी के दिन मौसम के मेहरबान होने से पर्यटन स्थलों पर भी रौनक बढ़ी है। लंबे समय से बारिश और बर्फबारी न होने से किसान और खासकर सेब काश्तकार चिंतित थे। अब बारिश और हिमपात से बागों में जरूरी ठंडक मिलेगी। मिट्टी में नमी बढ़ेगी, जल स्रोत रीचार्ज होंगे और फसल पर सकारात्मक असर पड़ सकता है। किसानों का मानना है कि यह बदलाव खेती के लिए राहत भरा साबित हो सकता है। प्रदेश के कई जिलों में इस सर्दी का पहला स्नोफॉल दर्ज किया गया है। इससे न केवल मौसम में ठंड बढ़ी है, बल्कि लंबे समय से शुष्क पड़े पहाड़ों और जंगलों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद कई जिलों में एहतियातन स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया। आज पौड़ी, उत्तरकाशी, टिहरी, चमोली, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में 24 जनवरी (आज) कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।

मौसम का पूर्वानुमान

उत्तराखंड मौसम विभाग के अनुसार आज राज्य के कई जिलों में मौसम सक्रिय बना रह सकता है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 2300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात की संभावना ज्यादा है। वहीं प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। राजधानी देहरादून में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय कुहासा छाने के भी आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार देहरादून में आज अधिकतम तापमान लगभग 19°C और न्यूनतम तापमान लगभग 07°C रह सकता है।