उत्तराखंड: स्कूली बच्चों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त, ओवरलोड डंपर से बचने के प्रयास में हुआ हादसा

हरिद्वार के कलियर क्षेत्र में ओवरलोड डंपर से बचने के प्रयास में बच्चों से भरी स्कूल बस खेत में जा गिरी। हादसे में 35 छात्र सुरक्षित रहे, जबकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई ओवरलोड डंपर जब्त किए।
Advertisement Hidden Gem Treks of Kedar Himalaya You Must Explore Once in Life

Peaceful and untouched trekking routes away from the crowds. Hidden trails where nature still remains raw and pure.

Example Ads Media
School bus accident: School bus accident in Haridwar
Image: School bus accident in Haridwar

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के कलियर थाना क्षेत्र में बच्चों से भरी एक स्कूल बस सड़क से उतरकर खेत में जा गिरी। इस हादसे के दौरान बस में सवार करीब 35 छात्र दहशत में आ गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई भी छात्र गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

School bus accident in haridwar

जानकारी के अनुसार, एक निजी स्कूल की बस छुट्टी के बाद बच्चों को लेकर सोहलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पर खनन सामग्री से लदा एक ओवरलोड डंपर खड़ा मिला। बस चालक ने डंपर को बचाकर आगे निकलने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने से बस सड़क से उतरकर पास के खेत में जा गिरी। बस के खेत में उतरते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। बिना समय गंवाए लोगों ने खेत में उतरी बस से बच्चों को बाहर निकालना शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से बस को भी खेत से बाहर निकलवाया गया।

ओवरलोड डंपरों पर फूटा गुस्सा

घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया। मौके पर पहुंचे भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने हादसे के लिए खनन से जुड़े ओवरलोड वाहनों को जिम्मेदार ठहराया। उनका कहना था कि गनीमत रही कि बच्चे सुरक्षित बच गए, लेकिन यदि समय रहते सख्ती नहीं हुई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

बेखौफ दौड़ रहे हैं खनन से भरे भारी वाहन

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से खनन से भरे भारी वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस समस्या को लेकर खनन विभाग और प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन शिकायतों पर गंभीरता नहीं दिखाई गई। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तो संबंधित विभागों का घेराव किया जाएगा।

पुलिस की कार्रवाई: आधा दर्जन डंपर जब्त

बढ़ते तनाव को देखते हुए इमलीखेड़ा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। चौकी प्रभारी शहजाद अली ने बताया कि कार्रवाई करते हुए खनन सामग्री से लदे करीब आधा दर्जन ओवरलोड डंपरों को कब्जे में लिया गया है। सभी वाहनों को चौकी लाकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि ओवरलोड खनन वाहन सड़क सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बने हुए हैं। समय रहते सख्त कार्रवाई और नियमित जांच ही ऐसे हादसों को रोक सकती है—खासतौर पर तब, जब बात स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा की हो।