Uttarakhand: औली में नेशनल विंटर गेम्स 2026 का आगाज़, 17 टीमें मैदान में.. बर्फीली ढलानों पर दिखेगा रोमांच!

उत्तराखंड के औली में राष्ट्रीय शीतकालीन चैंपियनशिप 2026 की शुरुआत हो गई है। देशभर की 17 टीमें स्कीइंग, स्नोबोर्ड और माउंटेनियरिंग स्पर्धाओं में भाग ले रही हैं। आयोजन के साथ विंटर कार्निवल भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
Advertisement Cheapest Chardham Yatra 2026 Package? The Price Will Shock You!

Planning Chardham in 2026? These 5 Packages Are Getting Booked Fast

Example Ads Media
National Winter Championship 2026: National Winter Championship Begins in Auli with 17 Teams
Image: National Winter Championship Begins in Auli with 17 Teams

चमोली: उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिल स्टेशन औली में आज से राष्ट्रीय शीतकालीन चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हो गया है। देशभर के शीर्ष स्कीइंग खिलाड़ी बर्फ से ढकी ढलानों पर अपने हुनर का प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। इस प्रतिष्ठित आयोजन में सेना, अर्धसैनिक बलों और विभिन्न राज्यों की कुल 17 टीमें हिस्सा ले रही हैं। औली के स्कीइंग स्लोप में खेलों का रोमांच शुरू होते ही पर्यटकों और खेल प्रेमियों की भीड़ उमड़ पड़ी है।

National Winter Championship Begins in Auli with 17 Teams

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के लिए आयोजकों ने स्लोप को पूरी तरह तैयार कर दिया है। खिलाड़ियों के पंजीकरण के बाद अभ्यास सत्र भी आयोजित किए गए। अभ्यास के लिए अलग स्लोप तैयार किया गया है, जहां पर्याप्त बर्फ उपलब्ध है। मुख्य प्रतियोगिता दो प्रमुख स्लोप पर आयोजित की जाएगी। बर्फ के पिघलने के कारण इस बार प्रतियोगिता आठ नंबर टावर से कराई जा रही है। जहां बर्फ कम पाई गई, वहां दूसरी जगह से बर्फ लाकर स्लोप को दुरुस्त किया गया।

खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरने को तैयार

गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के स्कीइंग प्रशिक्षक प्रदीप मंद्रवाल के अनुसार, स्लोप को अंतिम रूप दे दिया गया है और अब खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरने को तैयार हैं। इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, हरियाणा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, उड़ीसा, गुजरात सहित सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
मैदानी राज्य उड़ीसा की खिलाड़ी रंजीता बोहरा ने कहा कि उन्हें अभ्यास के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है, लेकिन औली की बर्फीली वादियां प्रतियोगिता के लिए सर्वश्रेष्ठ मंच प्रदान करती हैं। हिमाचल की निताशा मेहर स्की माउंटेनियरिंग में भाग लेंगी और उन्होंने मेडल जीतने का पूरा भरोसा जताया। पंजाब के अजय ठाकुर और जम्मू-कश्मीर के वशीम भट ने भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने की बात कही।

प्रतियोगिता का पूरा कार्यक्रम

13 फरवरी – उद्घाटन समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकल स्कीइंग डेमो, आईटीबीपी स्की एंड रेस्क्यू डेमो
14 फरवरी – अल्पाइन स्कीइंग (जायंट सलालोम महिला-पुरुष), स्नोबोर्ड जायंट सलालोम
15 फरवरी – अल्पाइन स्कीइंग सलालोम, स्नोबोर्ड सलालोम, स्की माउंटेनियरिंग स्प्रिंट
16 फरवरी – पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह

विंटर कार्निवल से बढ़ेगा उत्साह

राष्ट्रीय शीतकालीन प्रतियोगिता के साथ-साथ औली में विंटर कार्निवल का भी आयोजन किया जा रहा है। इसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, स्नो शू रेस (महिला 3 किमी, पुरुष 5 किमी), स्नो मैराथन, बच्चों के स्नो गेम, योगा इन स्नो और नाइट स्कीइंग जैसे आकर्षक कार्यक्रम होंगे। जिला पर्यटन विकास अधिकारी अरविंद गौड़ के अनुसार, यह आयोजन पर्यटन और खेल दोनों को नई ऊंचाई देगा।

उमड़े पर्यटक और खेल प्रेमी

राष्ट्रीय खेल और विंटर कार्निवल को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक औली पहुंच रहे हैं। हालांकि निचले क्षेत्रों में बर्फ कुछ कम हुई है, लेकिन ऊपरी ढलानों पर अब भी अच्छी बर्फ जमी हुई है। नोएडा से आए पर्यटक दलीप और सुनीता ने कहा कि औली आकर उन्हें बेहद अच्छा लग रहा है और खेलों के साथ कार्निवल का आनंद लेने का अवसर मिलना खास अनुभव है।