रामनगर (नैनीताल) में स्कूल से लौट रही नाबालिग छात्राओं को बहलाकर ले जाने की कोशिश और एक से छेड़छाड़ का मामला सामने आया। परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा, जांच जारी।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
Image: Man arrested for harrassing minor girl in Ramnagar
रामनगर: छुट्टी के बाद स्कूल से घर लौट रहे चार नाबालिग छात्राओं और एक छात्र को एक अधेड़ व्यक्ति द्वारा बहलाकर साथ ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। एक छात्रा के साथ छेड़छाड़ और पकड़ने के प्रयास का भी आरोप है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
Man arrested for harrassing minor girl in Ramnagar
जानकारी के अनुसार बीते मंगलवार को नैनीताल जिले के रामनगर में स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चे घर लौट रहे थे तभी रास्ते में एक अधेड़ व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया। आरोपी ने बच्चों से कहा कि उसे उनके परिजनों ने भेजा है और उन्हें उसके साथ चलना होगा। बच्चों को उसकी बातों पर संदेह हुआ। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जब एक छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ अभद्रता की और पकड़ने का प्रयास किया, जिससे उसको हल्की चोट भी आई। घबराई छात्रा किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई।
परिजनों ने तलाश कर आरोपी को पकड़वाया
रामनगर के एक मोहल्ले के निवासी व्यक्ति ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि उनकी 10 वर्षीय बेटी हनुमानगढ़ी स्थित स्कूल में पढ़ती है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आरोपी की तलाश में निकले। परिजनों के अनुसार, आरोपी रामनगर के बालाजी मंदिर के समीप एक पार्क में मौजूद मिला, जहां कुछ अन्य बच्चे भी थे। स्थानीय लोगों की मदद से संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। अभिभावकों ने स्कूलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
क्षेत्राधिकारी सुमित पांडे ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को अजनबियों से सतर्क रहने की सीख दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।