देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे बना फेवरेट, चारधाम यात्रियों को मिला नया शॉर्टकट; इसे बनाया नया रूट

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे चारधाम यात्रियों और हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की पहली पसंद बनता जा रहा है। नए रूट से सफर तेज, आसान और पहले के मुकाबले काफी कम समय में पूरा हो रहा है।
Advertisement चारधाम यात्रा 2026 पैकेज बुकिंग शुरू! ये ऑफर मिस किया तो पछताओगे

चारधाम यात्रा 2026 का सबसे सस्ता पैकेज? कीमत जानकर चौंक जाएंगे!

Example Ads Media
Delhi Dehradun Economic Corridor: Delhi-Dehradun Corridor Boosts Haridwar Route Traffic
Image: Delhi-Dehradun Corridor Boosts Haridwar Route Traffic

हरिद्वार: दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर शुरू होने के बाद उत्तराखंड के कई मार्गों पर यातायात का दबाव तेजी से बढ़ गया है। खासतौर पर भगवानपुर-इमलीखेड़ा मार्ग पर अब पहले के मुकाबले अधिक वाहन नजर आ रहे हैं। दिल्ली से हरिद्वार जाने वाले यात्री और ट्रेवल एजेंसियां अब इस नए रूट का अधिक इस्तेमाल कर रही हैं, जिससे इस क्षेत्र में रौनक भी बढ़ गई है।

Delhi-Dehradun Corridor Boosts Haridwar Route Traffic

19 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा के चलते उत्तराखंड में यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे पहले 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण किया था। इस नए कॉरिडोर के चालू होने के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर अब लगभग दो घंटे में पूरा हो रहा है। इसी वजह से हरिद्वार जाने वाले अधिकतर वाहन अब पुराने मेरठ-मुजफ्फरनगर-रुड़की बाईपास मार्ग की बजाय नए कॉरिडोर का उपयोग कर रहे हैं। अब अधिकांश ट्रेवल एजेंसियां यात्रियों को दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के रास्ते छुटमलपुर से भगवानपुर होते हुए खानपुर तिराहे तक ला रही हैं। इसके बाद वाहन भगवानपुर, इमलीखेड़ा और धनौरी के रास्ते बहादराबाद की ओर बढ़ रहे हैं। इस नए रूट के इस्तेमाल से भगवानपुर और आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही अचानक बढ़ गई है। स्थानीय बाजारों और व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका असर दिखाई देने लगा है।

सुबह के समय लग रहा भारी जाम

स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह के समय इस मार्ग पर वाहनों का दबाव सबसे ज्यादा रहता है। चारधाम यात्रा, पर्यटक बसों और निजी वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण कई जगह ट्रैफिक धीमा पड़ जाता है। इसी मार्ग पर भगवानपुर कस्बे का तहसील मुख्यालय भी शिफ्ट हो चुका है, जिससे यहां लोगों की आवाजाही और अधिक बढ़ गई है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी यातायात विपेन्द्र सिंह ने बताया कि इस रूट पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि सुबह और शाम के समय विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि जाम जैसी स्थिति न बने और यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का काम भी तेज

दिल्ली से हरिद्वार की यात्रा को और आसान बनाने के लिए सालियर से बहादराबाद टोल प्लाजा तक ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के उद्घाटन के दौरान केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की थी कि जून तक इस मार्ग को भी चालू करने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद निर्माण एजेंसियों ने काम की रफ्तार बढ़ा दी है।

ढाई घंटे में पूरा होगा दिल्ली से हरिद्वार का सफर

यदि ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे समय पर तैयार हो जाता है, तो दिल्ली से हरिद्वार की दूरी लगभग ढाई घंटे में तय की जा सकेगी। इससे चारधाम यात्रा, पर्यटन और व्यापार को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का मानना है कि नए कॉरिडोर और एक्सप्रेस-वे के कारण उत्तराखंड में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
नई सड़क परियोजनाओं के चलते स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भी उत्साह देखा जा रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण होटल, ट्रांसपोर्ट और पर्यटन व्यवसाय को आने वाले समय में बड़ा लाभ मिल सकता है।