Weather News: उत्तराखंड में आज भी भारी बारिश के आसार, इन 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तराखंड में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित। उत्तराखंड के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी, कई नदियां उफान पर, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और जलभराव की स्थिति।
Advertisement Triyuginarayan - World’s Most Divine Wedding Destination

Couples are choosing the sacred land of Lord Shiva’s wedding to begin their own love stories.

Example Ads Media
Uttarakhand Weather Update: Uttarakhand Weather Update 6 August 2026
Image: Uttarakhand Weather Update 6 August 2026

देहरादून: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई हिस्सों में बुधवार को हुई भारी वर्षा के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं।

Uttarakhand Weather Update 6 August 2026

मौसम विभाग के अनुसार आज 6 अगस्त को उत्तराखंड के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज बौछारें पड़ सकती हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली चमकने और अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं टिहरी, उत्तरकाशी, पौड़ी, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और रुद्रप्रयाग जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ गर्जन और बिजली गिरने की आशंका है। वहीं, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
लगातार बारिश के चलते देहरादून शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मंगलवार देर रात शुरू हुई बारिश बुधवार सुबह तक लगातार जारी रही। देहरादून समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में पूरे दिन बादलों का डेरा रहा और रुक-रुककर बारिश होती रही।

24 घंटे में रिकॉर्ड बारिश

बीते 24 घंटों के दौरान चकराता, मसूरी और धनोल्टी क्षेत्रों में 150 मिलीमीटर से अधिक वर्षा दर्ज की गई। वहीं, देहरादून शहर के विभिन्न इलाकों में करीब 60 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। लगातार वर्षा के कारण रिस्पना, बिंदाल, सोंग और सुसवा नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए, जबकि कई जगहों पर जलभराव से यातायात प्रभावित रहा। पहाड़ी मार्गों पर मलबा आने से भी आवागमन में दिक्कतें देखी गईं।

लोगों के लिए सलाह

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन संभावित स्थानों से दूरी बनाए रखें और नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।