AIIMS ऋषिकेश प्रशासन और सुरक्षा विभाग ने नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से कथित ठगी करने वाले फर्जी भर्ती रैकेट का भंडाफोड़ किया है। बैराज रोड पर कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को पकड़ा गया
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
ये ट्रेक्स गूगल मैप पर भी नहीं मिलेंगे! केदार हिमालय के छुपे हुए रास्ते
प्रकृति से जुड़ने और आत्मिक शांति पाने का अवसर। केदार हिमालय की वो यात्राएं जो ज़िंदगी भर याद रहती हैं।
Example Ads Media
Image: Fake Recruitment Racket in the Name of AIIMS Rishikesh Busted
ऋषिकेश: AIIMS ऋषिकेश प्रशासन और सुरक्षा विभाग ने नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से कथित ठगी करने वाले एक फर्जी भर्ती रैकेट का भंडाफोड़ किया है। सुरक्षा विभाग की इंटेलीजेंस टीम ने मंगलवार को गोपनीय सूचना के आधार पर बैराज रोड पर स्टिंग ऑपरेशन करते हुए तीन लोगों को पकड़ा। आरोपियों के पास से AIIMS ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर किच्छा के नाम पर तैयार किए गए दो कथित फर्जी नियुक्ति पत्र और ₹2 लाख नकद बरामद किए गए।
Fake Recruitment Racket in the Name of AIIMS Rishikesh Busted
AIIMS ऋषिकेश प्रशासन के अनुसार, संस्थान को लगातार शिकायतें और सूचनाएं मिल रही थीं कि कुछ लोग AIIMS ऋषिकेश के सैटेलाइट सेंटर किच्छा में विभिन्न पदों पर भर्ती कराने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये वसूल रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए AIIMS प्रशासन और सुरक्षा विभाग ने संयुक्त रूप से आरोपियों को पकड़ने की योजना बनाई।
अभ्यर्थी बनकर पहुंचा सुरक्षा विभाग का कर्मचारी
योजना के तहत AIIMS सुरक्षा विभाग की इंटेलीजेंस टीम ने एक कर्मचारी को नौकरी की मांग करने वाले अभ्यर्थी के रूप में आरोपियों के पास भेजा। सूचना के मुताबिक, आरोपी बैराज रोड पर एक क्रेटा वाहन में बैठकर अभ्यर्थियों से पैसों का लेन-देन कर रहे थे। कथित फर्जीवाड़े की पुष्टि होने के बाद सुरक्षा टीम ने मौके पर कार्रवाई की और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
नर्सिंग ऑफिसर और MTS के फर्जी नियुक्ति पत्र बरामद
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो अभ्यर्थियों के नाम पर तैयार किए गए कथित फर्जी नियुक्ति पत्र बरामद हुए। इनमें एक नियुक्ति पत्र नर्सिंग ऑफिसर और दूसरा मल्टीटास्किंग स्टाफ (MTS) के पद के लिए था। इसके अलावा आरोपियों के पास से अभ्यर्थियों से वसूली गई बताई जा रही ₹2 लाख की नकदी भी बरामद की गई। आगे पढ़िए..
किच्छा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए तीनों आरोपी
AIIMS ऋषिकेश के उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी एवं सहायक कमांडेंट अनिल चन्द्र ने बताया कि पूछताछ में तीनों आरोपियों के ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र के रहने वाले होने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षा विभाग की टीम ने तीनों आरोपियों को उनके क्रेटा वाहन और बरामद कथित फर्जी दस्तावेजों के साथ AIIMS ऋषिकेश की पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया है। मामले में पुलिस स्तर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
AIIMS प्रशासन ने युवाओं को किया सतर्क
AIIMS ऋषिकेश के पीआरओ डॉ. श्रीलोय मोहंती ने युवाओं से अपील की है कि वे नौकरी के नाम पर किसी भी बिचौलिए या एजेंट के झांसे में न आएं। उन्होंने कहा कि AIIMS ऋषिकेश और उसके सैटेलाइट सेंटर किच्छा में भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी एवं योग्यता के आधार पर होती है। भर्ती से जुड़ी आधिकारिक जानकारी संस्थान की वेबसाइट पर उपलब्ध रहती है।
नौकरी के नाम पर पैसे मांगने वालों की दें सूचना
डॉ. मोहंती ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति नियुक्ति पत्र दिलाने या नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो इसकी सूचना तत्काल AIIMS प्रशासन या पुलिस को दी जानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि किसी भी भर्ती के संबंध में सोशल मीडिया, बिचौलियों या अनधिकृत लोगों द्वारा दी गई जानकारी पर भरोसा करने के बजाय AIIMS ऋषिकेश की आधिकारिक भर्ती सूचना की जांच करें।
युवाओं के लिए जरूरी अपील
AIIMS प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नौकरी के नाम पर किसी व्यक्ति को पैसे देने से पहले भर्ती की आधिकारिक प्रक्रिया और दस्तावेजों की पुष्टि जरूर करें। किसी भी संदिग्ध नियुक्ति पत्र या भर्ती प्रस्ताव की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।