देहरादून: उत्तराखंड आज फिर गम में डूबा है। देवभूमि के एक और लाल ने देश के प्रति अपना फर्ज निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। जवान संदीप थापा जम्मू-कश्मीर में पाक सेना की तरफ से हो रही गोलाबारी में शहीद हो गए। रविवार को शहीद का पार्थिव शरीर देहरादून लाया जाएगा। दून में इस वक्त मातम पसरा है। शहीद के परिजन बिलख रहे हैं। शनिवार सुबह साढ़े छह बजे पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के नौशेरा में भारत की अग्रिम चौकियों पर गोलाबारी की। भारतीय सेना ने भी इस हमले का मुंहतोड़ जवबा दिया। पाक सेना ने भारतीय चौकियों के साथ ही गांवों पर मोर्टार दागे। सीमा पर तनाव की स्थिति थी, पर जवान संदीप थापा डिगे नहीं। पाकिस्तानी सेना को मुंहतोड़ जवाब देते रहे। लगातार जारी गोलाबारी में लांसनायक संदीप थापा बुरी तरह घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, पर वो बच नहीं सके। संदीप और उनका पूरा परिवार गौरवशाली सैन्य परंपरा का गवाह रहा है। संदीप के पिता भी सेना में थे। वो सेना से रिटायर्ड हैं। संदीप थापा का भाई भी सेना में है।