अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उनका परिवार है, लेकिन अभिनेता दीपक डोबरियाल अकेले हैं। उनकी पत्नी और बच्चे मुंबई में हैं। दोनों अभिनेता सतोली में फिल्म की शूटिंग के लिए आए थे, लेकिन लॉकडाउन के चलते यहां से निकल नहीं सके...
-
कोमल नेगी
-
Image: Actor Deepak dobriyal and manoj bajpai in nainital
नैनीताल: देश में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है। इसे रोकने के लिए लॉकडाउन की अवधि बढ़ा दी गई है। लॉकडाउन के दौरान कई मशहूर बॉलीवुड स्टार्स जगह-जगह फंसे हैं। दिग्गज अभिनेता मनोज बाजपेयी और दीपक डोबरियाल भी उत्तराखंड के नैनीताल में फंसे हैं। दोनों अपनी टीम के साथ रामगढ़ ब्लाक के सोनापानी स्टेट सतखोल में वुड हाउस रिजॉर्ट में ठहरे हैं। ये वक्त दूसरे लोगों के साथ-साथ इनके लिए भी मुश्किलभरा है, पर वो संयम बनाए हुए हैं। अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उनका परिवार है, लेकिन अभिनेता दीपक डोबरियाल अकेले हैं। उनकी पत्नी और बच्चे मुंबई में हैं। दोनों अभिनेता सतोली में फिल्म की शूटिंग के लिए आए थे, लेकिन लॉकडाउन के चलते यहां से निकल नहीं सके। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों अभिनेताओं और उनकी टीम के 23 सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। दीपक डोबरियाल और मनोज बाजपेयी ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को पूरा सहयोग दिया, साथ ही उनका हौसला भी बढ़ाया।
यह भी पढ़ें - गढ़वाल में यहां बनेगा पहला मरीन ड्राइव, जानिए इस प्रोजेक्ट की खास बातें
अभिनेताओं ने कहा कि कोरोना संकटकाल में डॉक्टर अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की जान बचा रहे हैं, इसलिए लोग भी उन्हें सहयोग करें। दोनों दिग्गज अभिनेता होम क्वारेंटीन हैं और लॉकडाउन का पूरी तरह पालन कर रहे हैं। उनकी जांच करने वाले डॉ. चेतन ने बताया जांच में सभी लोग स्वस्थ्य पाए गए हैं। आपको बता दें कि अभिनेता दीपक डोबरियाल तनु वेड्स मनु, कुलदीप पटवालः आई डिट नॉट डू इट और ओमकारा जैसी कई फिल्मों में अदाकारी का जलवा दिखा चुके हैं। हाल ही में उन्हें अभिनेता इरफान खान के साथ फिल्म अंग्रेजी मीडियम में देखा गया। अभिनेता दीपक डोबरियाल की इन दिनों सोशल मीडिया पर भी जमकर तारीफ हो रही है। दरअसल अभिनेता ने ऐलान किया है कि लॉकडाउन के दौरान वो अपने स्टाफ को पूरी सैलरी देंगे, चाहे इसके लिए उन्हें लोन ही क्यों ना लेना पड़े। अभिनेता दीपक डोबरियाल उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के कबरा गांव के रहने वाले हैं।