Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
रुद्रप्रयाग: पहाड़ में गुलदार का आतंक चरम पर है। पहले गुलदार अंधेरे में हमला करते थे, अब दिनदहाड़े आबादी वाले इलाकों में घुसकर लोगों की जान लेने लगे हैं। ताजा मामला रुद्रप्रयाग जिले का है। जहां खेत में हल लगा रहे किसान पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हुआ है, उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना अगस्त्यमुनि विकासखंड के बावई-क्यार्क गांव की है। जहां 45 वर्षीय किसान राजेंद्र सिंह राणा खेतों में हल लगा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए गुलदार ने राजेंद्र सिंह पर हमला कर दिया, गुलदार राजेंद्र को नोंचने लगा पर उन्होंने हार नहीं मानी और जान बचाने के लिए गुलदार से भिड़ गए। राजेंद्र का शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को अपनी तरफ आते देख गुलदार वहां से भाग गया। बाद में घायल राजेंद्र को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले गुलदार ने गांव में एक बैल को अपना निवाला बना लिया था। पहले गुलदार मवेशियों की जान लेता था, लेकिन अब इंसानों पर भी हमला करने लगा है। गुलदार के डर से लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। इन दिनों पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, पौड़ी हर जगह से गुलदार के हमले की खबरें आ रही हैं। लोग डरे हुए हैं। रुद्रप्रयाग में ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाने की मांग की, ताकि गुलदार को पकड़ा जा सके।