देहरादून: कोरोना के कारण मार्च से लगे लॉकडाउन के बाद जिंदगी जैसे थम सी गई हो। मगर अब सब धीरे-धीरे पटरी पर वापस लौट रहा है। इसी बीच फिल्मों के दीवानों के लिए एक अच्छी खबर आ रही है। महीनों के लंबे इंतजार के बाद एक बार फिर से फिल्मों की शूटिंग शुरू होने जा रही है। अनलॉक-4 की प्रक्रिया के तहत केंद्र सरकार की ओर से जारी की गई गाइडलाइन के अनुसार एक बार फिर से देश मे फिल्मों की शूटिंग करने को भी ग्रीन सिग्नल मिल गया है। उत्तराखंड में भी शूटिंग की अनुमति मिल गई है। फिल्म इंडस्ट्री समेत सभी सिनेमा लवर्स के लिए यह एक खुशखबरी है। जल्द ही उत्तराखंड की वादियां बड़े पर्दे पर एक बार फिर से दिखेंगी। इसी सिलसिले में आने वाले 30 सितंबर को बॉलीवुड के जाने-माने एक्टर शाहिद कपूर अपनी आने वाली फिल्म 'जर्सी' की शूटिंग के लिए उत्तराखंड पहुंचेंगे। सूत्रों से मिली गई जानकारी के अनुसार फिल्म 'जर्सी' की शूटिंग के लिए शाहिद कपूर आने वाले 30 सितंबर से लेकर 10 अक्टूबर तक उत्तराखंड में ही रहेंगे।