नैनीताल: नैनीताल के कॉर्बेट के बिजरानी जोन में इन दिनों जंगली जानवरों का दबदबा बेहद बढ़ गया है जिस कारण वहां आए दिन मानव वन्यजीव संघर्ष की खबर सामने आती रहती है। कुछ ही दिन पहले इसी स्थान पर बाघ ने महिला पर हमला किया था। अब यहां हाथी के हमले की दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। बीते दिन जंगल से घास लेकर लौट रही कुछ महिलाओं पर हाथी ने हमला कर दिया। हाथी के हमले में तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। मौके पर मौजूद अन्य महिलाओं ने हाथी के हमले के बाद शोर मचाना शुरू किया और महिलाओं का शोरगुल सुनकर हाथी वापस चला गया। हादसे के बाद आनन-फानन में वन विभाग को सूचना दी गई। वनकर्मियों ने घायल महिलाओं को रामनगर अस्पताल में भर्ती कराया है जहां उनका इलाज चल रहा है।