उधमसिंह नगर: उत्तराखंड की होनहार बेटियां रक्षा से लेकर विज्ञान और खेल तक हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऊधमसिंहनगर की रहने वाली कराटे चैंपियन कोमल बत्रा ऐसी ही होनहार बेटियों में से एक हैं। कराटे में नेशनल गोल्ड मेडलिस्ट रहीं Komal Batra अब Assam Rifles का हिस्सा बनकर देश की सेवा करेंगी। प्रदेश की सैन्य परंपरा को आगे बढ़ाएंगी। पहले कराटे चैंपियनशिप में गोल्ड मेडलिस्ट बन प्रदेश का मान बढ़ाने वाली कोमल ने अब असम राइफल्स की स्पोर्ट्स कोटा की ओर से होने वाली भर्ती में हिस्सा लेकर अपना स्थान सुनिश्चित किया है। बीते दिनों मेघालय के शिलांग में असम राइफल्स की स्पोर्ट्स कोटा की भर्ती हुई। जिसमें रुद्रपुर की दो बार की कराटे की राष्ट्रीय विजेता रहीं कोमल बत्रा सफल रहीं। कोमल की सफलता कई मायनों में खास है। असम राइफल्स स्पोर्ट्स कोटा भर्ती में देश भर से 346 महिला कराटे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से मात्र 4 महिला कराटे खिलाड़ियों को ही भर्ती किया गया।