Advertisement
Triyuginarayan - World’s Most Divine Wedding Destination
Couples are choosing the sacred land of Lord Shiva’s wedding to begin their own love stories.
Example Ads Media
ऋषिकेश: प्रदेश में सड़क निर्माण के नाम पर लोगों के साथ किस कदर धोखा किया जा रहा है, इसकी एक बानगी ऋषिकेश में देखी जा सकती है।
यहां वीरभद्र रोड पर कुछ ही समय पहले निर्माण कार्य हुआ था, लेकिन पहली बरसात में ही रेत-बजरी धुल गई और अब इस सड़क पर जगह-जगह गड्ढे नजर आ रहे हैं। हाल ये है कि रोड पर चलते वक्त लोगों की जान अक्सर खतरे में रहती है। बीते 15 दिनों में यहां 6 लोगों संग हादसे हो चुके हैं। बुधवार को गुमानीवाला निवासी विनीत कुमार भी सड़क पर बने गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय लोगों ने एम्स हॉस्पिटल में एडमिट कराया है। क्षेत्र में सीमा डेंटल कॉलेज से गोल चक्कर जाने वाली सड़क पर गड्ढे होने की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। कुछ ही दिनों में लगातार एक के बाद एक आधा दर्जन हादसे हो चुके हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि जब वो शिकायत करने लोनिवि के दफ्तर जाते हैं तो विभागीय अधिकारी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कहकर उन्हें टरका देते हैं।
लोनिवि अधिकारियों की लापरवाही के खिलाफ लोगों में आक्रोश है। वो विभागीय अधिकारियों के साथ ही ठेकेदार के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोगों ने कहा कि रोड निर्माण हुए अभी कुछ ही महीने बीते हैं, लेकिन सड़क पर गड्ढे नजर आने लगे हैं। जाहिर सी बात है कि निर्माण के वक्त गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया। ऐसे में विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ ठेकेदार पर भी कार्रवाई की जानी चाहिए। अगर विभाग ने इस संबंध में जल्द ही कार्रवाई नहीं की तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता धीरेंद्र कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। मौके का मुआयना किया जाएगा। लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।