Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
हरिद्वार: उत्तराखंड के सरकारी स्कूल पढ़ाई के लिए कम और दूसरी वजहों के लिए ज्यादा चर्चा में रहते हैं। अब हरिद्वार के भगवानपुर में ही देख लें।
यहां प्रधानाध्यापक बच्चों की फर्जी हाजिरी लगाकर उनके हक का मिड-डे मील डकार रहा था। जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर प्रधानाध्यापक को सस्पेंड कर दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा) ने उप खंड शिक्षा अधिकारी की संस्तुति रिपोर्ट यह कार्रवाई की। मामला ब्लॉक भगवानपुर के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बालेकी युसूफनगर का है। जहां प्रधानाध्यापक अहसान अहमद को सस्पेंड कर भगवानपुर कार्यालय में अटैच किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी आशुतोष भंडारी ने बताया कि 21 फरवरी को स्कूल के निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति कम मिली, जबकि विभाग को मिड डे मील की डिमांड अधिक भेजी गई थी।
प्रधानाध्यापक ने 21 फरवरी को मिड-डे मील का एसएमएस 98 बच्चों का भेजा, जबकि मौके पर बच्चों की उपस्थिति 61 मिली। जब अन्य बच्चों के बारे में जानकारी मांगी गई तो हेडमास्टर ने बताया कि बच्चे घर चले गए हैं। रैंडम चेकिंग के दौरान पता चला कि 20 फरवरी को भी कक्षा तीन में सिर्फ 22 बच्चे मौजूद थे, जबकि उपस्थिति 37 छात्रों की दर्ज की गई थी। अन्य शिक्षकों से इस बारे में पूछा गया तो पता चला कि प्रधानाध्यापक ने खुद गैर हाजिरी दर्ज करने से इनकार किया था। मामले की जांच में प्रधानाध्यापक को दोषी पाया गया, जिसके बाद प्रधानाध्यापक अहसान अहमद को सस्पेंड कर दिया गया है।