उधमसिंह नगर: खटीमा के सैजना गांव में आज मौसम खराब होने के पश्चात आसमानी बिजली गिरने से एक परिवार के दो बच्चों को छीन लिया, घटना सामने आने पर इलाके में हड़कंप मच गया।
उत्तराखंड में इस साल पहाड़ों में भी जबरदस्त गर्मी पड़ने से किसानों को बहुत सी परेशानियों का सामना करना पड़ा, लेकिन जैसे ही पहाड़ों पर बरसात शुरू हुई हैं वैसे ही दुःखद घटनाएं सामने आने लगी है। आज कुमाऊँ मंडल के खटीमा में एक ऐसा हादसा हो गया जिसमें एक ही परिवार के दो सगे भाई बहनों की जान चली गई। ये दोनों सुबह करीब 10 बजे अपने परिवार के साथ धान की रोपाई करने गए हुए थे तभी अचानक आसमानी बिजली ने दोनों की जान ले ली।
उनके साथ में उनकी माता संक्रांति देवी और बड़ा भाई गोविंद सिंह भी रोपाई लगा रहे थे और उनके सामने यह भयानक हादसा हो गया। बिजली गिरने की सूचना मिलते ही पूरे गाँव में हड़कंप मच गया। मृतक भाई सुमित राणा उम्र 19 वर्ष और बहन सुहावनी राणा उम्र 24 वर्ष के शवों को पोस्टमार्टम के लिए खटीमा उप जिला अस्पताल लाया गया है। इस घटना के बाद तहसीलदार हिमांशु जोशी ने बताया कि परिजनों को देवीय आपदा और कृषि मंडी समिति से मुआवजा दिया जाएगा।