प्रदेश के बच्चों का भविष्य जिन गुरुजनों के पास है, वही नशे की हालत में शिक्षा के मंदिर में पहुँच रहे हैं। यह शिक्षा की गुणवत्ता और नैतिकता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Image: Teacher Drinking Alcohol And Reached School In Pauri
पौड़ी गढ़वाल: सोशल मीडिया में एक शिक्षक का नशे की हालत का वीडियो वायरल हो रहा है जिसके बात मामला संज्ञान में आया। कोट ब्लाॅक के राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय राणाकोट में सेवारत एक शिक्षक नशे में स्कूल जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इसपर खंड शिक्षा अधिकारी से मामले में तत्काल रिपोर्ट तलब करने को कहा गया है।
Teacher Drinking Alcohol And Reached School In Pauri
बीते सोमवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ जिसमें कोट ब्लॉक के राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय राणाकोट में सेवारत एक शिक्षक की एक ग्रामीण से बातचीत दिखाई दे रही है। वीडियो में ग्रामीण शिक्षक के नशे में स्कूल आने पर कड़ी नाराजगी जता रहे हैं। ग्राम कोटा निवासी अरविंद सिंह चंद और चमोली गांव निवासी शिशुपाल पंवार ने बताया कि रापूमावि राणाकोट में एक शिक्षक लंबे समय से शराब के नशे में स्कूल आ रहा है। यह शिक्षक देर से स्कूल आता है और समय से पहले घर चला जाता है। इसके अलावा उसका व्यवहार बच्चों, स्टाफ और ग्रामीणों के प्रति भी खराब है।
बच्चों के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
उन्होंने बताया कि जिस शिक्षक को बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वही शिक्षक प्रतिदिन शराब के नशे में स्कूल आ रहे हैं। यह स्थिति बच्चों के शैक्षणिक वातावरण और व्यक्तित्व विकास पर नकारात्मक असर डाल रही है। उन्होंने शिक्षा विभाग से मांग की है कि इस मामले में तुरंत कड़ी कार्रवाई की जाए। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे। नागेंद्र बर्त्वाल प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी ने बताया कि रापूमावि राणाकोट के एक शिक्षक के नशे में होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने बीईओ कोट से तुरंत रिपोर्ट मांगी है। बर्त्वाल ने कहा कि रिपोर्ट मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।