Advertisement
केदार हिमालय के ऐसे ट्रेक जहां रास्ता खुद आपको चुनता है
बुग्याल, हिमालयी वन और बर्फीली चोटियों का अद्भुत नज़ारा। आध्यात्म, रोमांच और एकांत का अनोखा संगम।
Example Ads Media
उधमसिंह नगर: मंगलवार यानि आज प्रातः 5.15 बजे मझोला के पास गेट नंबर 15-16 के मध्य ट्रैक मेंटेनर अमरजीत सिंह राना(27) पुत्र श्याम सिंह राना निवासी श्रीपुर विछवा व शिवा(20) पुत्र ईश्वरी लाल निवासी बरखेड़ा जिला पीलीभीत यूपी गश्त के दौरान टनकपुर से मथुरा जाने वाली ट्रेन संख्या-05062 की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद कुछ दूरी पर ट्रेन रुक गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी मझोला स्टेशन मास्टर और पुलिस को दी।
इसके बाद सूचना पर मौके पर पहुंची रेलवे टीम ने शवों की शिनाख्त की। दोनों शवों को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवकों की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रेलवे की ओर से मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक मलखान सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मिले और रेलवे की ओर से मृतकों के अंतिम संस्कार के लिए 25 हजार रुपए की राशि प्रदान की।
अमरजीत डेढ़ साल पहले रेलवे में ट्रैक मेंटेनर के पद पर भर्ती हुआ था। उसकी पहली पोस्टिंग वाराणसी में हुई थी। कुछ दिन पूर्व ही ट्रांसफर होकर आया था। अमरजीत के पिता श्याम सिंह व मां राजवती देवी सड़क हादसे में घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। पुत्र की मौत की सूचना उनको नहीं दी गई है। दो दिन पूर्व श्याम सिंह राना अपनी पत्नी राजवती के साथ बाइक से सितारगंज से खटीमा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान नानकमत्ता बाइपास पर बाइक सवार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज नगर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इधर मृतक शिवा ठेकेदारी में चतुर्थी श्रेणी कर्मी के पद पर काम करता था।