Advertisement
Secret Himalayan Treks Near Kedarnath You’ve Never Heard Of
Trails once used by sages, locals, and shepherds. Ideal for travelers seeking silence over social media fame.
Example Ads Media
हल्द्वानी: रामपुर रोड स्थित बेल बाबा मंदिर के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दो घायल लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनका सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार बीते सोमवार की देर रात करीब 1 बजे के हल्द्वानी के कोतवाली क्षेत्र में रामपुर रोड स्थित बेल बाबा मंदिर के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां रुद्रपुर से आ रही अल्टो कार और हल्द्वानी से रुद्रपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दोनों गाड़ियों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि अल्टो कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि स्कॉर्पियो ड्राइवर सहित उसमें सवार लोग इस हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्होंने तुरंत पुलिस को हादसे सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह घायलों और मृतकों को गाड़ी से बाहर निकाला गया। अल्टो कार में सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में घायल हुए लोगों को एम्बुलेंस की सहायता से इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां अब भी उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार दोनों घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर स्कॉर्पियो सवारों की तलाश शुरू कर दी गई है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
क्षेत्राधिकारी नितिन लोहनी ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दुर्घटना में दोनों गाड़ियां पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थीं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को किसी तरह बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। फिलहाल हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है, और स्कॉर्पियो सवारों की तलाश की जा रही है।