श्रीनगर गढ़वाल स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस और खुफिया विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अब साइबर सेल मेल भेजने वाले की पहचान में जुटी है..
Advertisement
90% ट्रेकर्स नहीं जानते केदार हिमालय के ये सीक्रेट रूट्स
प्रकृति से जुड़ने और आत्मिक शांति पाने का अवसर। केदार हिमालय की वो यात्राएं जो ज़िंदगी भर याद रहती हैं।
Example Ads Media
Image: Srinagar Garhwal passport office receives bomb threat email
श्रीनगर गढ़वाल: श्रीनगर गढ़वाल में स्थित भारत सरकार के पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने से सोमवार को हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं और पूरे परिसर में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। हालांकि शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
Srinagar Garhwal passport office receives bomb threat email
जानकारी के अनुसार श्रीनगर गढ़वाल स्थित पोस्ट ऑफिस भवन के भीतर संचालित भारत सरकार के पासपोर्ट कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर सोमवार को एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ। ई-मेल में कार्यालय को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। संदेश पढ़ते ही कार्यालय के अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
पुलिस और इंटेलीजेंस टीम ने किया निरीक्षण
सूचना मिलते ही श्रीनगर कोतवाली पुलिस और इंटेलीजेंस विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस बल ने कार्यालय परिसर का गहन निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। बम निरोधक और तकनीकी टीमों की सहायता से पूरे परिसर की जांच की गई, लेकिन फिलहाल कोई भी संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई है।
सुरक्षा व्यवस्था की गई कड़ी
हालांकि जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, फिर भी सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने कार्यालय और उसके आसपास की निगरानी बढ़ा दी है। आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है और सुरक्षा कर्मियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
ई-मेल के स्रोत की तकनीकी जांच जारी
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया कार्यालय में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यह भी जांच की जा रही है कि धमकी भरा ई-मेल केवल श्रीनगर स्थित कार्यालय को भेजा गया है या देश के अन्य पासपोर्ट कार्यालयों को भी इसी प्रकार का संदेश प्राप्त हुआ है।
पुलिस द्वारा ई-मेल के स्रोत की तकनीकी जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से मेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
फिलहाल स्थिति सामान्य
व्यापक तलाशी और जांच के बाद फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो पाएगी।