Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
चमोली: Chamoli जिले में स्थित Niti-Malari National Highway पर शनिवार को बड़ा भूस्खलन हो गया। हैरानी की बात यह रही कि यह घटना बिना बारिश के हुई। देखते ही देखते पूरी पहाड़ी भरभराकर सड़क पर आ गिरी और चारों ओर धूल और धुएं का गुबार फैल गया। इस खौफनाक मंजर को स्थानीय लोगों ने अपने कैमरों में कैद कर लिया।
जानकारी के अनुसार हाईवे पर इन दिनों सड़क को डबल लेन बनाने का कार्य चल रहा है। बताया जा रहा है कि पहाड़ की कटिंग के दौरान अचानक पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर पड़ा। भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरने से हाईवे पूरी तरह बंद हो गया। भूस्खलन के बाद नीति घाटी के दो दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से कट गया है। सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ सेना की आवाजाही और जरूरी सामानों की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और Border Roads Organisation (BRO) की टीमें मौके पर पहुंच गईं। मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है, लेकिन लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। आगे पढ़िए..
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि इसी वजह से क्षेत्र में लगातार भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं और लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और वैकल्पिक व्यवस्था होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि मार्ग खोलने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
आमतौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं मानसून के दौरान भारी बारिश में ज्यादा देखने को मिलती हैं। बारिश के समय पहाड़ दरकने से सड़कें बंद हो जाती हैं और कई बार वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ जानमाल का भी नुकसान होता है। ऐसे में मानसून शुरू होने से पहले हुई इस घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।