चारधाम यात्रा की भारी भीड़ के बीच ऋषिकेश रोडवेज बस अड्डे पर यात्रियों ने टिकट काउंटर का शीशा तोड़ दिया। पंजीकरण केंद्रों और ट्रांजिट कैंप में भारी भीड़ के चलते प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
Image: Chaos at Rishikesh Bus Stand Amid Char Dham Rush
ऋषिकेश: उत्तराखंड में चल रही चारधाम यात्रा के चलते ऋषिकेश में यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शुक्रवार को ऋषिकेश रोडवेज बस अड्डे पर टिकट लेने के दौरान यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि टिकट काउंटर का शीशा और लोहे का जाल टूटकर अंदर गिर गया। घटना के बाद बस अड्डे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
Chaos at Rishikesh Bus Stand Amid Char Dham Rush
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कई यात्री लंबे समय से लाइन में लगकर टिकट मिलने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग लाइन तोड़कर आगे पहुंच गए, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ गई। देखते ही देखते यात्रियों के बीच बहस शुरू हो गई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने टिकट काउंटर को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वहां लगा शीशा और जाल टूट गया। घटना की जानकारी मिलते ही रोडवेज अधिकारियों ने पुलिस को बुलाया। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। काफी देर बाद स्थिति सामान्य हो सकी। घटना के बाद बस अड्डे पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई। आगे पढ़िए..
चारधाम यात्रा के कारण ऋषिकेश के ट्रांजिट कैंप और आईएसबीटी में भी भारी भीड़ देखने को मिल रही है। शुक्रवार को पंजीकरण केंद्रों पर सुबह से शाम तक लंबी कतारें लगी रहीं।यात्रियों की संख्या इतनी ज्यादा थी कि ट्रांजिट कैंप में लगाए गए जर्मन हैंगर, पगोडा टेंट और पार्किंग परिसर पूरी तरह भर गए। कई श्रद्धालु पंजीकरण करवाने के बाद कैंप में ही आराम करते नजर आए।
टोकन व्यवस्था लागू करने की तैयारी
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन अब टोकन व्यवस्था लागू करने की तैयारी कर रहा है। ट्रांजिट कैंप में फिलहाल पंजीकरण अस्थायी रूप से बंद किया गया है, जबकि आईएसबीटी के काउंटरों पर अभी भी यात्रियों की भीड़ बनी हुई है। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से आए प्रभात सेन ने बताया कि वह करीब 100 श्रद्धालुओं के दल के साथ चारधाम यात्रा के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि पंजीकरण के लिए काफी देर तक लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है।
प्रशासन ने व्यवस्थाओं का किया दावा
चारधाम यात्रा प्रशासन के विशेष कार्याधिकारी डॉ. पीपी नौटियाल ने बताया कि यात्रियों के लिए निशुल्क भोजन, शुद्ध पेयजल और ठहरने की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ सकती है, लेकिन प्रशासन सभी व्यवस्थाओं को संभालने के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रशासन ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और लाइन व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। साथ ही यात्रा पर निकलने से पहले पंजीकरण और अन्य जरूरी तैयारियां समय रहते पूरी करने की सलाह दी गई है।