हरिद्वार में प्रेम विवाह के बाद दामाद ने पत्नी के मायके पक्ष पर घर में घुसकर मारपीट, हत्या के प्रयास, नकदी-जेवरात ले जाने और पत्नी को जबरन साथ ले जाने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर सिडकुल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
Secret Himalayan Treks Near Kedarnath You’ve Never Heard Of
Trails once used by sages, locals, and shepherds. Ideal for travelers seeking silence over social media fame.
Example Ads Media
Image: Haridwar Couple Alleges Assault After Love Marriage
हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में प्रेम विवाह के बाद विवाद का मामला सामने आया है। एक युवक ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी के मायके पक्ष के लोगों ने उसके घर में घुसकर मारपीट की, गला दबाकर हत्या का प्रयास किया और पत्नी को जबरन अपने साथ ले गए। साथ ही नकदी और जेवरात ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।
Haridwar Couple Alleges Assault After Love Marriage
इस मामले में शिकायतकर्ता की ओर से अदालत का दरवाजा खटखटाने के बाद सिडकुल थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
29 नवंबर 2025 को किया था प्रेम विवाह
पुलिस के अनुसार, सूर्यनगर कॉलोनी, रोशनाबाद निवासी छोटू लाल ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने 29 नवंबर 2025 को राजस्थान के पाली जिले की एक युवती से दोनों की सहमति से हरिद्वार में हिंदू रीति-रिवाज से प्रेम विवाह किया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि विवाह के बाद से ही पत्नी का मायका पक्ष इस शादी से नाराज था।
घर में घुसकर मारपीट का आरोप
शिकायत के अनुसार, 25 दिसंबर 2025 को दिनेश, मुकेश, सुरेश और धर्माराम नाम के लोग उनके घर पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान मोबाइल फोन और घर का अन्य सामान भी तोड़ दिया गया। इसके अगले दिन 26 दिसंबर की तड़के करीब 3 बजे कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंचे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सभी ने मिलकर दंपति के साथ मारपीट की और उनका गला दबाकर हत्या का प्रयास किया।
पत्नी को जबरन ले जाने और लूट का आरोप
पीड़ित का आरोप है कि हमलावर उनकी पत्नी को जबरन बोलेरो वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए। साथ ही घर में रखे सोने के जेवरात, करीब एक लाख रुपये की नकदी और अन्य सामान भी ले जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि जाते समय आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं होने पर शिकायतकर्ता ने अदालत की शरण ली। अदालत के आदेश के बाद सिडकुल थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि कोर्ट के निर्देशानुसार मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।