देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर यूटिलिटी से टकराई तेज रफ्तार कार; 4 लोगों की मौत.. 3 घायल

Dehradun Road Accident: देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर मणिमाई मंदिर के पास तेज रफ्तार कार खड़ी यूटिलिटी से टकरा गई। हादसे में 4 लोगों की मौत और 3 घायल हुए हैं।
Advertisement No reels. No crowds. Just Kedar Himalaya - This trek doesn’t want to be famous..

Alpine meadows, dense forests, and snow-capped peaks in one journey. Suitable for both beginner and experienced trekkers.

Example Ads Media
Dehradun Road Accident: Dehradun-Haridwar highway road accident 4 dead 3 injured
Image: Dehradun-Haridwar highway road accident 4 dead 3 injured

देहरादून: देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हर्रावाला पुलिस चौकी क्षेत्र में मणिमाई मंदिर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार हरियाणा नंबर की कार सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

Dehradun-Haridwar highway road accident 4 dead 3 injured

जानकारी के अनुसार, हादसा बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे हर्रावाला पुलिस चौकी क्षेत्र में मणिमाई मंदिर के पास हुआ। देहरादून की ओर से हरियाणा नंबर की कार तेज गति से आ रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़ी यूटिलिटी वाहन से जा भिड़ी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार में कुल सात लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल बताए गए हैं। एक मृतक और एक घायल की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

टपकेश्वर मंदिर में दर्शन के बाद लौट रहे थे हरियाणा के लोग

पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी सात लोग हरियाणा से मंगलवार को हरिद्वार पहुंचे थे। बुधवार सुबह वे देहरादून स्थित टपकेश्वर मंदिर में दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद उन्हें हरिद्वार होते हुए वापस हरियाणा लौटना था। घायल विपेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि कार चालक सोमपाल को रास्ते में नींद आने लगी थी। यात्रियों ने उसे कई बार वाहन सावधानी से चलाने के लिए टोका भी था। इसी दौरान अचानक कार सड़क किनारे खड़ी यूटिलिटी से जा टकराई।

हादसे में इन लोगों की हुई मौत

नरेश (42) पुत्र महावीर, निवासी टिकट वाली गली, रेलवे रोड, रोहतक
विनोद (40) पुत्र रमेश, निवासी आर्य नगर, रोहतक
सोमपाल पुत्र लालाराम, निवासी वार्ड नंबर पांच, रोहतक
एक अन्य व्यक्ति, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है
वहीं विपेंद्र सिंह (35) पुत्र रामबरन सिंह और लाला (35) पुत्र राम भरोसे, निवासी काठमंडी टेक नगर, रोहतक समेत एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। घायलों में एक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में कराया भर्ती

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला, कैलाश अस्पताल और कोरोनेशन अस्पताल भेजा। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

नींद आने के कारण हादसे की आशंका

प्रारंभिक जानकारी में कार चालक को नींद आने की बात सामने आई है। घायल विपेंद्र सिंह के बयान के आधार पर पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हादसे के समय कार की गति कितनी थी और सड़क किनारे यूटिलिटी किस स्थिति में खड़ी थी। प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाईं के अनुसार, हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।