दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर बिहारीगढ़ के पास बाइक डिवाइडर से टकराने से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के असिस्टेंट मैनेजर अरुण पंवार की मौत हो गई। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
Secret Himalayan Treks Near Kedarnath You’ve Never Heard Of
Trails once used by sages, locals, and shepherds. Ideal for travelers seeking silence over social media fame.
Example Ads Media
Image: Bank Manager Dies in Delhi-Dehradun Expressway Accident
देहरादून: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के असिस्टेंट मैनेजर अरुण पंवार की जान चली गई। हादसा बिहारीगढ़ क्षेत्र में पेंचो रेस्टोरेंट के सामने हुआ। बताया जा रहा है कि अरुण बाइक से सहारनपुर की ओर से देहरादून जा रहे थे, तभी अचानक उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराई।
Bank Manager Dies in Delhi-Dehradun Expressway Accident
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही एक व्यक्ति ने अपनी कार से घायल अरुण पंवार को फतेहपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल से जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में असिस्टेंट मैनेजर थे अरुण पंवार
अरुण पंवार सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। कुछ समय पहले ही उनका तबादला गोवा के पणजी से देहरादून किया गया था। इसके बाद वह विकासनगर स्थित बैंक शाखा में अपनी सेवाएं दे रहे थे। बताया गया है कि शनिवार को बैंक अवकाश होने के कारण अरुण किसी निजी काम से बिहारीगढ़ क्षेत्र की ओर जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
हादसे की असली वजह की जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं अरुण की बाइक किसी दूसरे वाहन की चपेट में तो नहीं आई थी या सड़क पर फिसलने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ा। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।
मुरादाबाद के रहने वाले थे अरुण पंवार
अरुण पंवार मूल रूप से मुरादाबाद की न्यू कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं। उनके पिता मुरादाबाद में पीएसी में तैनात हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया और परिजन मुरादाबाद से घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। सीओ बेहट प्रिया यादव के अनुसार, परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव की पहचान, पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।