उत्तराखंड चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में हेली सेवाएं 15 सितंबर से शुरू हो रही हैं। 1 से 15 अक्टूबर तक की हेली टिकट बुकिंग 22 सितंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगी।
-
राज्य समीक्षा डेस्क
-
Advertisement
Untouched Trekking Routes in Kedar Himalaya, Uttarakhand
Lesser-known treks offering breathtaking Himalayan views. A perfect blend of adventure, solitude, and spirituality.
Example Ads Media
Image: Char Dham Helicopter Services Resume From September 15
देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दूसरे चरण के तहत हेली सेवाओं का संचालन 15 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। केदारनाथ धाम के लिए हेली शटल सेवा के साथ चारधाम के लिए चार्टर सेवा और हेमकुंड साहिब के लिए हेली सेवा भी शुरू होगी। हालांकि, मानसून की पूरी तरह विदाई अभी नहीं हुई है। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौसम की स्थिति के आधार पर ही हेलीकॉप्टर उड़ानों की अनुमति दी जाएगी।
Char Dham Helicopter Services Resume From September 15
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) के CEO प्रतीक जैन ने बताया कि केदारनाथ के लिए हेली शटल सेवा 15 सितंबर से शुरू होगी। इसके अलावा चारधाम के लिए चार्टर सेवा और हेमकुंड साहिब के लिए हेली सेवा भी इसी दिन से संचालित की जाएगी। पहले चरण में 15 सितंबर से 30 सितंबर तक की हेली टिकट बुकिंग 7 सितंबर को पूरी हो चुकी है।
22 सितंबर को शुरू होगी अक्टूबर की बुकिंग
चारधाम हेली सेवा के अगले चरण की टिकट बुकिंग 22 सितंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इस चरण में श्रद्धालु 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक की यात्रा के लिए हेली टिकट बुक कर सकेंगे। श्रद्धालु टिकटों की बुकिंग IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से कर सकेंगे।
15-15 दिन के लिए खोली जा रही टिकट बुकिंग
अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को हेली सेवा का लाभ मिल सके, इसके लिए टिकट बुकिंग चरणबद्ध तरीके से खोली जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, एक साथ पूरे यात्रा सीजन की बुकिंग खोलने के बजाय 15-15 दिन की अवधि के लिए टिकट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे श्रद्धालुओं को बुकिंग के लिए पर्याप्त समय मिलेगा और टिकटों की प्रक्रिया भी व्यवस्थित तरीके से संचालित की जा सकेगी। आगे पढ़िए..
मौसम साफ होने पर ही मिलेगी उड़ान की अनुमति
चारधाम हेली यात्रा शुरू होने के बीच सबसे बड़ी चुनौती अभी भी मौसम है। उत्तराखंड से मानसून की पूरी तरह विदाई नहीं हुई है और पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भी क्लाउड कवर बना हुआ है। ऐसे में हेली सेवाओं के संचालन में यात्रियों की सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी जाएगी। मौसम की स्थिति अनुकूल होने पर ही हेलीकॉप्टर संचालन की अनुमति दी जाएगी।
केदारनाथ-बदरीनाथ में लगाए गए वेदर ऑब्जरवेशन सिस्टम
हेली यात्रा की सुरक्षा के लिए मौसम विभाग के साथ भी समन्वय किया जा रहा है। इसके अलावा केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में वेदर ऑब्जरवेशन सिस्टम लगाए गए हैं। इन सिस्टम से धाम क्षेत्र में मौसम की स्थिति पर नजर रखने में मदद मिलेगी। इसके आधार पर हेली सेवा संचालकों को उड़ान की अनुमति देने का फैसला किया जाएगा।
शुरुआती दिनों में उड़ान प्रभावित हो सकती है
प्रतीक जैन के मुताबिक, मानसून अभी अंतिम चरण में है। ऐसे में यात्रा शुरू होने के बाद शुरुआती कुछ दिनों में मौसम के कारण हेली सेवाओं में देरी या संचालन प्रभावित हो सकता है। हालांकि, मौसम में सुधार होने के बाद हेली सेवाओं का संचालन सुचारू रूप से जारी रहने की उम्मीद है।
काउंटर टिकट भी मौसम पर निर्भर
कुछ टिकट आखिरी समय में काउंटर टिकट के तौर पर इस्तेमाल किए जाते हैं। लेकिन इन टिकटों पर यात्रा की अनुमति भी मौसम की स्थिति अनुकूल होने पर ही दी जाएगी। यानी टिकट होने के बावजूद यदि मौसम हेली उड़ान के लिए सुरक्षित नहीं है, तो सुरक्षा कारणों से संचालन रोका जा सकता है। प्रशासन और विमानन विभाग का कहना है कि चारधाम हेली यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।