ऋषिकेश: उत्तराखंड में परिस्थितियां बेहद खराब हो रखी हैं। यह कोरोना काल कब समाप्त होगा इसका अंदाजा कोई नहीं लगा सकता मगर फिलहाल तो उत्तराखंड कोरोना को विकराल रूप धरता हुआ देख रहा है। ऐसे में जरूरत है धैर्य, संयम, प्रेम और मित्रता की। ऐसा ही कुछ उत्तराखंड की पुलिस कर रही है। उत्तराखंड पुलिस की इस मामले में जितनी तारीफ की जाए उतनी कम है। सहनशीलता के साथ उत्तराखंड पुलिस जिस तरह से कोरोना के बीच परिस्थितियों को संभाल रही है वो काबिल-ए-तारीफ है। अपनी सभी परेशानियों को परे रख कर कोरोना के दौरान में उत्तराखंड पुलिस जनता की सेवा में दिन-रात जुटी हुई है। चाहे वो भूखे को खाना खिलाना हो, किसी रोगी को समय पर दवाई पहुंचानी हो या किसी जरूरतमंद की मदद करनी हो, उत्तराखंड पुलिस कभी पीछे नहीं हटती। आए दिन पुलिस मानवता की नई मिसालें पेश कर रही है। उत्तराखंड पुलिस की नेकदिली का ताजा मामला ऋषिकेश से आया है। शनिवार को ऋषिकेश एम्स में एक कोरोना संक्रमित महिला की मृत्यु हो गई थी। अंतिम संस्कार की जब बात आई तब एक बेटे का फर्ज निभाते हुए उत्तराखंड पुलिस ने मृत महिला के अंतिम संस्कार की सभी व्यवस्थाएं अपने सिर ले लीं और आज उनका विधि अनुसार अंतिम संस्कार किया गया।