Advertisement
Hidden Gem Treks of Kedar Himalaya You Must Explore Once in Life
Peaceful and untouched trekking routes away from the crowds. Hidden trails where nature still remains raw and pure.
Example Ads Media
टिहरी गढ़वाल: बारिश के रूप में बरस रही आफत से पहाड़ पर बड़ी बुरी बीत रही है। पहले बादल फटने से कुमाऊं के सीमावर्ती क्षेत्रों में तबाही मची और अब गढ़वाल में जगह-जगह बादल फटने की घटनाएं हो रही हैं। ताजा मामला नई टिहरी क्षेत्र का है। जहां घनसाली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गंगी गांव में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। यहां बादल फटने से दो गोशालाएं जमींदोज हो गईं। जिसमें 20 से ज्यादा मवेशी मलबे में दफन हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं, नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। गंगी गांव भिलंगना ब्लॉक के सीमांत गांवों मे से एक है। मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे इस गांव में आज भी संचार की सुविधा नहीं है। बीती रात करीब 12 बजे गंगी गांव में जमकर बारिश हुई। इस दौरान बारिश की शक्ल में आया सैलाब दो गोशालाओं को तबाह करते हुए आगे बढ़ चला। गोशाला मालिक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। सैलाब के गुजर जाने के बाद हर तरफ तबाही का मंजर नजर आ रहा था। गांववाले प्रशासन को सूचना देना चाहते थे, लेकिन संचार सुविधा ना होने की वजह से बेबस थे। बाद में ग्रामीणों ने पहाड़ की ऊपरी चोटी पर जाकर जिला प्रशासन को फोन कर घटना की जानकारी दी।