उत्तराखंड: सड़क किनारे मिला नवजात, लोग बनाते रहे वीडियो; महिला ने इंसानियत दिखाकर बचाई जान

हरिद्वार के सिडकुल थाना क्षेत्र में सड़क किनारे एक नवजात बच्चा लावारिस हालत में मिला। मौके पर जुटे कई लोग मदद करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते रहे, तभी स्थानीय महिला कविता ने बच्चे को गोद में उठाकर उसकी जान बचाने की कोशिश की।
Advertisement हजारों वर्षों से जलती अखंड ज्योति के सामने सात फेरे - आस्था, परंपरा और प्रकृति का अनोखा संगम

पहाड़, मंत्र और देवभूमि का आशीर्वाद.. त्रियुगीनारायण में शादी सिर्फ एक समारोह नहीं, आध्यात्मिक अनुभव है।

Example Ads Media
Haridwar Newborn Baby Found: Newborn Found Abandoned on Haridwar Roadside
Image: Newborn Found Abandoned on Haridwar Roadside

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार से मानवीय संवेदनाओं को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। सिडकुल थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरी स्थित रविदास मंदिर मार्ग पर रविवार तड़के सड़क किनारे एक नवजात बच्चा लावारिस हालत में पड़ा मिला। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि कई लोग बच्चे की मदद करने के बजाय मोबाइल फोन से उसका वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान स्थानीय महिला कविता ने इंसानियत दिखाते हुए नवजात को अपनी गोद में उठाया और उसकी जान बचाने की कोशिश शुरू की। इसके बाद पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी गई।

Newborn Found Abandoned on Haridwar Roadside

स्थानीय महिला कविता के अनुसार, रविवार सुबह करीब चार बजे उन्हें बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंचीं तो देखा कि एक नवजात सड़क किनारे पड़ा हुआ था। बच्चे की हालत बेहद असहाय थी और उसके शरीर पर चीटियां भी चल रही थीं। मौके पर अन्य लोग भी पहुंचे, लेकिन कविता के मुताबिक कुछ लोग बच्चे को उठाने के बजाय उसका वीडियो बनाने में लगे रहे। उन्होंने तुरंत बच्चे को अपनी गोद में उठाया और सुरक्षित जगह पर ले गईं।

महिला ने नाल काटकर बच्चे को साफ किया

कविता ने बताया कि बच्चे को अंदर ले जाने के बाद उन्होंने उसकी नाल काटी, शरीर को कपड़े से साफ किया और उसे अपने पास रखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर भी मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही सिडकुल पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ समय बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम भी वहां पहुंच गई।

पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन ने बच्चे को लिया संरक्षण में

पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने नवजात को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया। बाद में बच्चे को चाइल्ड हेल्पलाइन और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया गया। टीम की ओर से बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच में फिलहाल बच्चे को सुरक्षित बताया गया है।

बच्चे को अपने पास रखना चाहती हैं कविता

नवजात को अपनी गोद में उठाने और उसकी देखभाल करने वाली महिला कविता का बच्चे से भावनात्मक लगाव हो गया है। वह बच्चे को अपने पास रखकर उसका पालन-पोषण करना चाहती हैं। हालांकि, बच्चे की आगे की देखभाल और संरक्षण को लेकर संबंधित विभाग नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करेगा।

माता-पिता की तलाश में जुटी पुलिस

सिडकुल थाना प्रभारी अजय शाह ने बताया कि घटना रविवार सुबह करीब चार बजे की है। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम को भी बुलाया गया। फिलहाल बच्चे के माता-पिता की जानकारी जुटाई जा रही है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि नवजात को सड़क किनारे कौन छोड़कर गया। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि बच्चे को वहां कितनी देर पहले छोड़ा गया था और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। फिलहाल नवजात सुरक्षित संरक्षण में है और पुलिस उसके माता-पिता की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।