कोरोना पर काबू पाने के लिए सरकार अपनी तरफ से हर जतन कर रही है, लेकिन ये कोशिशें तब तक कामयाब नहीं होंगी, जब तक हम अपनी जिम्मेदारी नहीं समझेंगे।
-
Komal Negi
-
Image: New list of 393 Containment Zone in Uttarakhand
देहरादून: प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। राज्य में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल 23961 केस रिपोर्ट किए गए। हर दिन कोरोना के सैकड़ों नए केस मिल रहे हैं। कई जिलों में कम्युनिटी स्प्रेड का खतरा बढ़ रहा है। बढ़ते मामलों के साथ सरकार की चिंता भी बढ़ रही है। कोरोना पर काबू पाने के लिए सरकार अपनी तरफ से हर जतन कर रही है, लेकिन ये कोशिशें तब तक कामयाब नहीं होंगी, जब तक हम अपनी जिम्मेदारी नहीं समझेंगे। कोरोना संक्रमण रोकथाम सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, आपकी और हमारी जिम्मेदारी भी है। इसलिए कोविड-19 गाइडलाइन का पालन जरूर करें। राज्य में संक्रमण रोकथाम के लिए 8 जिलों में 393 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। आगे पढ़िए किस जिले में कितने कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं।
यह भी पढ़ें - देहरादून में प्रॉपर्टी खरीदने वाले सावधान..कहीं जीते जी आपका मृत्यु प्रमाण पत्र न बन जाए
जिन इलाकों में लगातार कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं, उन्हें कंटेनमेंट जोन में शामिल किया जा रहा है। यहां देहरादून, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, टिहरी, उत्तरकाशी, बागेश्वर और ऊधमसिंहनगर जिले में कुल 393 इलाके सील किए गए हैं। किस जिले में कितने कंटेनमेंट जोन हैं, ये भी बताते हैं। राजधानी देहरादून में 20 इलाके सील हैं। यहां ऋषिकेश में 2, डोईवाला में 3, विकासनगर में 3 और देहरादून शहर में 12 इलाके कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। कोरोना से होने वाली मौतों के मामले में देहरादून जिला टॉप पर है, यहां अब तक 162 कोरोना संक्रमितों की जान गई। ऊधमसिंहनगर जिले में 34 इलाके सील किए गए हैं। यहां खटीमा में 19, गदरपुर में 2 और किच्छा में 13 इलाके सील हैं। उत्तरकाशी और बागेश्वर में एक-एक कंटेनमेंट जोन है।
यह भी पढ़ें - कोरोनावायरस: उत्तराखंड में 330 लोगों की मौत, 1 ही दिन में 18 मौत..देहरादून का बुरा हाल
कंटेनमेंट जोन के मामले में हरिद्वार जिला टॉप पर है। यहां 299 इलाके सील हैं। रुड़की में 130, भगवानपुर में 60, लक्सर में 16 और हरिद्वार शहर में 93 इलाकों को पाबंद किया गया है। टिहरी में 9 कंटेनमेंट जोन हैं। यहां नरेंद्रनगर में 1, कीर्तिनगर में 2 और घनसाली में 3 कंटेनमेंट जोन हैं। प्रतापनगर, टिहरी और जाखणीधार में एक-एक इलाके को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। रुद्रप्रयाग जिले में 3 इलाके सील हैं। इसी तरह नैनीताल जिले में 26 इलाके कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। यहां हल्द्वानी में 20 और लालकुआं में 5 इलाके सील हैं। कंटेनमेंट जोन में प्रशासन के अगले आदेश तक पाबंदियां लागू रहेंगी। हमारी भी आपसे ये ही अपील है कि सावधानी बरतें क्योंकि इस महामारी के दौर में सावधानी ही सुरक्षा है।