नैनीताल: उत्तराखंड गौरवशाली सैन्य परंपरा के लिए पूरी दुनिया में मशहूर है। पहाड़ के होनहार युवा इस परंपरा को बखूबी आगे बढ़ा रहे हैं। इन युवाओं में अब नैनीताल के होनहार लाल मनीष क्वीरा भी शामिल हो गए हैं। मनीष ने भारतीय वायु सेना में फ्लाइंग ऑफिसर बन उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। मनीष की इस सफलता से नैनीताल जिले में खुशी की लहर है। परिजन खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। बीते दिनों हैदराबाद में हुई पासिंग आउट परेड में अंतिम पग पार करने के बाद मनीष क्वीरा बतौर फ्लाइंग ऑफिसर भारतीय वायुसेना का हिस्सा बन गए। मनीष मूलरूप से भीमताल के मेहरागांव रहने वाले हैं। देश सेवा और सेना में शामिल होने की प्रेरणा मनीष को अपने परिवार से मिली। उनके पिता भूपाल सिंह क्वीरा फौज से रिटायर्ड हैं। माता पदमा क्वीरा गृहणी हैं। देश और सेना के प्रति प्यार का जज्बा मनीष को अपने पिता से मिला। मनीष बचपन से ही पढ़ाई और खेलकूद में अव्वल रहे। उन्होंने इंटरमीडिएट की परीक्षा हरमन माइनर स्कूल से पास की। वो हमेशा से भारतीय वायुसेना में शामिल होना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने बचपन से ही तैयारी शुरू कर दी थी।